जोधपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
जोधपुर में गुरुवार रात को बड़ा हादसा हो गया। जहां रात में मिथेन गैस से भरे  एक खड़े टैंकर में अचानक आग लग गई। आग लगने के बाद हुए धमाकों से पूरा इलाका गूंज उठा और अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना फायर ब्रिगेड टीम को दी गई। जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने सड़क पर आवागमन बंद करवाया। आग इतनी तेज और विकराल थी कि टैंकर के पास कोई नहीं जा पाया।इसके अलावा टैंकर में रह-रह कर विस्फोट होते रहे। दूर-दूर तक लपटें दिखती रहीं। फायर बिग्रेड का दल भी नजदीक नहीं जा सका। टैंकर में चालक था या नहीं इसका पता नहीं चला। जानकारी के अनुसार पाली रोड पर काकानी स्थित सीटीसी होटल के पास खड़े टैंकर में आग लग गई।मिथेन गैस से भरे टैंकर के पाइप पर सबसे पहले आग लगी। जिसे कुछ लोगों ने बुझाने के प्रयास किए। लेकिन गैस लीक होने के साथ आग नहीं रुकी। कुछ मिनट में ही आग तेजी से फैलने लगी। जिसे देख आग बुझाने वाले लोग भाग खड़े हुए। पलक झपकते ही आग ने पूरे टैंकर को अपनी चपेट में ले लिया। इसके बाद टैंकर में बने अलग-अलग चैंबर में विस्फोट होने का सिलसिला शुरू हुआ। विस्फोट इतने तेज हुए कि दूर तक आवाज सुनाई दी।