करौली ब्यूरो रिपोर्ट।
करौली जिले के टोडाभीम उपखंड मुख्यालय पर स्थित राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इन दिनों अव्यवस्थाओं का आलम देखने को मिल रहा है। चिकित्सालय में सोनोग्राफी के चिकित्सक के देरी से आने के कारण मरीजों को घंटो तक इंतजार करना पड़ता है। सोनोग्राफी के लिए मरीज अस्पताल खुलने के निर्धारित समय सुबह 8:00 बजे ही अस्पताल परिसर में आ जाते हैं।समाजसेवी आसाराम मीणा ने बताया कि सोनोग्राफी के चिकित्सक 10:00 बजे चिकित्सालय में आते हैं जिससे मरीजों को सोनोग्राफी के लिए 2 घंटे इंतजार करना पड़ता है। उन्होंने बताया कि वे कई बार चिकित्सालय में कई मरीजों की सोनोग्राफी करवाने के लिए गए तो सोनोग्राफी कक्ष में चिकित्सक नदारद मिले। सोनोग्राफी करने वाले चिकित्सक के बारे में अन्य कर्मचारियों से पूछने पर उन्होंने बताया कि सोनोग्राफी के चिकित्सक डॉ. केदार नेवला 10:00 बजे ही चिकित्सालय में आते हैं। उनके आने के बाद ही सोनोग्राफी की जाएगी। चिकित्सक के देरी से आने की शिकायत उन्होंने उपखंड अधिकारी दुर्गाप्रसाद मीणा को दूरभाष के जरिए की। जिस पर उपखंड अधिकारी ने कहा कि इस बारे में चिकित्सा प्रभारी अधिकारी डॉ. अमरसिंह मीणा से जानकारी लेकर चिकित्सक को समय पर आने के लिए पाबंद किया जाएगा और व्यवस्थाओं में सुधार करवाया जाएगा।