सपोटरा-विनोद कुमार जांगिड।
उपखंड सपोटरा की ग्राम पंचायत जोड़ली के गांव किशोरपुरा में अज्ञात कारणों से एक छप्परपोश घर में आग लग गई जिसके कारण पीड़ित परिवार को करीब तीन लाख रुपए का नुकसान होना बताया जा रहा है। मिली जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत जोड़ली के गांव किशोरपुरा में श्यामलाल पुत्र मूलचंद प्रजापत के छप्परपोश घर में अज्ञात कारणों से गुरुवार को दोपहर बाद अचानक से आग लग गई। आग इतनी विकराल थी कि ग्रामीणों के कठिन प्रयासों के बाद भी आग नहीं बुझ पाई और देखते ही देखते सारा छप्परपोश घर जलकर राख हो गया। आग लगने से छप्परपोश घर के भीतर रखा हुआ करीब 50 क्विंटल चारा, 10 क्विंटल गेहूं, 8 क्विंटल सरसों एवं 40 हजार रूपए की नगदी पूरी तरह जलकर राख हो गई। इसके साथ ही आग से चार बेड एवं ओढ़ने बिछाने के कपड़ों सहित पहनने के कपड़े, एक कूलर सहित घरेलू सामान जलकर राख हो गया।आग के कारण एक डेढ़ वर्षीय भैंस की पाड़ी जलकर मर गई वही एक 2 वर्षीय भैंस की पाड़ी का शरीर आधा झुलस गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे पटवारी छैलबिहारी चतुर्वेदी ने मौका रिपोर्ट में करीब तीन लाख रुपए का नुकसान होना दर्शाया है। उल्लेखनीय है कि यह जानकारी गजानंद प्रजापत के द्वारा दी गई है।
ग्रामीणों ने की दमकल उपलब्ध करवाने की मांग।
इधर ग्रामीणों का कहना है कि यदि उपखंड मुख्यालय सपोटरा पर अग्निशमक यंत्र की गाड़ी (दमकल) उपलब्ध होती तो समय पर आग को बुझाया जा सकता था। ऐसे में एक बार फिर से ग्रामीणों ने उपखंड मुख्यालय सपोटरा पर दमकल उपलब्ध करवाने की मांग की है।

0 टिप्पणियाँ