जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
राजधानी जयपुर के आमेर में 9 वर्षीय मासूम बच्ची की हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को पकड़ लेने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक मकान मालिक का बेटा ही हत्यारा है। फिलहाल पुलिस ने नाबालिग आरोपी को डिटेन कर लिया है। कार्रवाई में आमेर थाने के कांस्टेबल मोहन यादव, नरेश और गिरधारी की अहम भूमिका रही है। दरअसल शनिवार को घर के पास के ही खंडहर में 9 साल की बच्ची का शव मिला था जिसका गला रेता हुआ था। नग्न अवस्था में मिले बच्ची के शव को देखकर दुष्कर्म का अंदेशा जताया जा रहा है। अंदेशा है कि दुष्कर्म करने के बाद बच्ची की हत्या की गई है। हालांकि पुलिस की ओर से दुष्कर्म की पुष्टि नहीं की गई है।मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही दुष्कर्म की पुष्टि होगी। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। बच्ची शनिवार दोपहर को घर से गायब हो गई थी। इसके बाद माता-पिता बच्चे की तलाश कर रहे थे। पुलिस कंट्रोल रूम को भी सूचना दी गई थी। थोड़ी देर बाद बच्ची के शव बरामद होने की सूचना मिली। बच्ची का शव घर से थोड़ी दूरी पर सुनी जगह पर बने खंडहरनुमा कमरे में नग्न अवस्था में बरामद हुआ था। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे थे। एफएसएल टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्य भी जुटाए गए हैं। डीसीपी नॉर्थ परिस देशमुख ने बताया कि मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का मौका मुआयना किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्पेशल टीम गठित की गई। पुलिस की टीम में अथक प्रयास करते हुए आरोपी की पहचान की। पुलिस की टीम ने तकनीकी सहायता के आधार पर सूचनाएं एकत्रित करते हुए आरोपी को दस्तयाब करने में सफलता हासिल की है। आरोपी ने पूछताछ में बताया है कि मृतक बच्ची के पिता से पुरानी रंजिश को लेकर वारदात को अंजाम दिया है। हालांकि पुलिस इसकी गंभीरता से जांच पड़ताल कर रही है।

0 टिप्पणियाँ