सवाई माधोपुर-हेमेन्द्र शर्मा।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर सवाईमाधोपुर स्थित रणथंभौर से एक दुःखद खबर सामने आई है। रणथंभौर के जोन नंबर 6 में आरोटीपी रेंज के तलावटी वन क्षेत्र में चाटया के पहाड़ पर टाईगर टी 34 का शव मिलने से वन्यजीव प्रेमियों में शोक की लहर है।टाईगर का शव मिलने की सूचना और वन विभाग के अधिकारियों के साथ ही वनकर्मियों की टीम मौके पर पहुंची और शव को राजबाग नाका वन चौकी लाया गया । जहाँ वन विभाग एंव प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में रणथंभौर के पशु चिकित्सकों द्वारा शव का पोस्टमार्टम किया गया और फिर टाईगर के शव का दाह संस्कार कर दिया गया।
रणथंभौर के उपवन संरक्षक महेंद्र शर्मा का कहना है कि टाईगर टी 34 का शव 5 से 6 दिन पुराना है। उनका कहना है कि टाईगर का शव ट्रेकिंग रूट से काफी दूर पहाड़ी पर घोर जंगल मे दुर्गम जगह पर पड़ा हुआ मिला है। उपवन संरक्षक का कहना है कि संभवतया टाईगर की मौत किसी अन्य टाईगर से हुए आपसी संघर्ष से हुई है। क्योकी टाईगर की गर्दन एंव पैर पर चोट के निशान है।उनका कहना है कि टाईगर टी 34 करीब 16 वर्ष का उम्रदराज टाईगर है।ऐसे में किसी अन्य टाईगर से हुए संघर्ष में टाईगर टी 34 की मौत हो गई। वन विभाग द्वारा राजबाग नाका वन चौकी पर पोस्टमार्टम के बाद टाईगर टी 34 के शव का दाह संस्कार कर दिया गया।इस दौरान उपवन संरक्षक महेंद्र शर्मा ,संजीव शर्मा ,एसडीएम कपिल शर्मा ,पुलिस उपाधीक्षक राजवीर सिंह चंपावत सहित अन्य अधिकारी एंव कर्मचारी मौजूद रहे।