जोधपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
जोधपुर के बासनी इलाके सांगरिया में रमेश प्रजापत निवासी बिलाड़ा दवा कारोबारी ने जहर खाकर जान दे दी। कारोबारी का पड़ोसी महिला ने अश्लील वीडियो बना लिया था और ब्लैकमेल कर रही थी। काराेबारी ने महिला के सामने ही जहर खाया। महिला ने उसे अस्पताल भी नहीं ले जाने दिया। कहती रही कि मर भी गया तो मैं जेल जाऊंगी। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया। रमेश प्रजापत निवासी बिलाड़ा की मेडिकल शॉप है। पड़ोस में रहने वाली महिला लीलाबाई प्रजापत के पति की नौ साल पहले मौत हो चुकी है, तब से वह अपने बेटे के साथ ही रह रही थी। इस बीच रमेश के महिला के साथ फिजिकल रिलेशन बन गए थे। कुछ दिन से महिला रमेश को परेशान कर रही थी। रमेश के बेटे किशनराज ने बताया कि पिता घर भी नहीं आते थे। 29 मई को पिता का फोन आया था कहा- महिला आने नहीं दे रही है। महिला ने अश्लील वीडियो बना लिए है और वह ब्लैकमेल कर रही है। 1 जून को पिता सुबह 11 बजे शॉप गए थे। यहां लीलाबाई पहुंच गई और झगड़ा करने लगी। महिला ने मेडिकल स्टोर में तोड़फोड़ भी कर दी। महिला की ब्लैकमेलिंग से परेशान रमेश ने उसी के सामने जहर खा लिया। आस-पड़ोस के दुकानदार बचाने गए। महिला ने किसी को भी अंदर नहीं घुसने दिया। वह रमेश के सामने कुर्सी लगाकर बैठ गई। लोगों ने बोला- जहर खा लिया, यह मर जाएगा। महिला बोली- कुछ नहीं खाया है। मर भी जाएगा तो मैं जेल जाऊंगी। सब मेरे ऊपर आएगा, तुम लोग यहां से निकलो। कारोबारी अचेत हुआ तो उसे एम्स लाया गया। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घरवालों की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर महिला को गिरफ्तार कर लिया।