श्रीगंगानगर-राकेश मितवा।
भारतमाला किसान संघर्ष समिति के अध्यक्ष एडवोकेट मुकेश गोदारा ने केंद्रीय संसदीय एवं संस्कृति राज्यमंत्री अर्जुन मेघवाल से बीकानेर स्थित आवास पर मुलाकात कर किसानों व आमजन की समस्याओं को अवगत करवाया तथा ज्ञापन सौंपकर समस्याओं को हल करने की गुहार लगाई। एडवोकेट मुकेश गोदारा ने केंद्रीय मंत्री अर्जुन मेघवाल को बताया कि भारतमाला सड़क परियोजना के तहत साधुवाली से रायसिंहनगर तक सडक़ निर्माण कार्य चल रहा है।लेकिन इस सडक़ निर्माण में किसानों, मजदूरों व आमजन को भारी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि भारतमाला किसान संघर्ष समिति ने ज्ञापन में माँग की है कि भारतमाला प्रोजेक्ट के शून्य प्वाईन्ट ग्राम पंचायत साधुवाली पर जो वर्तमान सडक़ है उसकी मध्य लाईन से दोनों तरफ समानान्तर नाप से जमीन अधिग्रहण की जाए। ताकि वर्षों से निवासरत क्षेत्रवासियों के मकान टूटने से बच सकें, भारतमाला सडक़ के लिए जमीन अधिग्रहण का मुआवजा किसानों को बाजार भाव अर्थात् मार्केट वैल्यू के अनुसार दिया जाए, बहुसंख्यक ऐसे कृषक भी हैं जिनकी जमाबंदी में कृषि भूमि बागवानी दर्शाई हुई नहीं है। परन्तु वर्तमान में वहां पर वर्षों से बागवानी कृषि की जा रही है। इसलिए इस प्रकार की भूमि को अधिग्रहण में लेते समय किसानों को बागवानी कृषि का मुआवजा दिया जाए। कुछ कृषकों की जमीन सिंचित है परन्तु उनकी जमाबंदी में त्रुटिवश असिंचित लिखा हुआ है। इसलिए उन किसानों को भी सिंचित कृषि भूमि का मुआवजा दिया जाए। भारतमाला सडक़ निर्माण के दौरान अधिग्रहित भूमि में से कृषकों की भूमि का कुछ हिस्सा एक साईड में अलग रह गया है जो कि किसानों के लिए अब कृषि की दृष्टि से अनुपयोगी है। जिसका भी किसानों को मुआवजा दिया जाए तथा सरकार द्वारा उसका उपयोग सडक़ निर्माण सुविधा क्षेत्र के रूप में किया जा सकता है। ताकि किसानों को अनावश्यक आर्थिक व मानसिक परेशानी का सामना नहीं करना पड़े तथा भारतमाला सडक़ निर्माण के अन्तर्गत बहुत से आम रास्ते हैं जो दैनिक कृषि कार्य एवं आमजन द्वारा आवागमन हेतु उपयोग में लिए जाते हैं। जो अब निर्माण के कारण बंद होने वाले हैं। इसलिए वैकल्पिक रास्ते, जो भारतमाला सडक़ निर्माण के प्रस्तावित मानचित्र में नहीं है, उनको भी चिन्हित कर वहां पर अण्डरब्रिज व ओवरब्रिज का निर्माण किया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों व किसानों को राहत मिल सके। अध्यक्ष मुकेश गोदारा ने बताया कि भारतमाला किसान संघर्ष समिति ने माँग की है कि क्षेत्र के किसानों व आमजन की उक्त समस्याओं का अविलम्ब निस्तारण कर किसानों व आमजन के हितों की रक्षा की जाए। क्योंकि यह स्पष्ट कर देना आवश्यक है कि देश में विकास के लिए सड़क जरूरी है। परंतु किसानों व आमजन की समस्याओं को हल करना भी सरकारों की नैतिक जिम्मेदारी है।