झालावाड़-हरिमोहन चोडॉवत।
प्रदेश मे पेट्रोल डीजल की कीमतें कम करने के लिए राज्य सरकार से वैट कम करने की मांग को लेकर आज झालावाड़ में भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिले भर से पहुंचे कार्यकर्ताओं ने मिनी सचिवालय स्थित जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचकर नारेबाजी कर जोरदार प्रदर्शन किया और बाद में एसडीएम को ज्ञापन भी सौंपा। भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने आम जनता को राहत देने के लिए पेट्रोलियम पदार्थों की एक्साइज ड्यूटी में कमी की है। जिसके चलते पेट्रोलियम पदार्थों के दाम काफी कम हुए हैं। लेकिन राज्य सरकार ने अब तक वेट की दरें नहीं घटाई है, जिसके कारण अभी पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतें 100 रूपये से ऊपर चल रही है। ऐसे में अब राज्य सरकार को राहत देने के लिए जल्द से जल्द वैट की दरों में कमी करनी चाहिए। इसके पहले भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने शहर के राधारमण परिसर से मिनी सचिवालय स्थित जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय तक रैली भी निकाली और राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया।