चितौड़गढ़ ब्यूरो रिपोर्ट।
चित्तौड़गढ़ कोतवाली पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए रोडवेज बस स्टैंड से एक यात्री को 1 किलोग्राम एमडी के साथ पकड़ा है। पुलिस के मुताबिक जब्त एमडी की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में 1 करोड़ रुपए है। पुलिस आरोपी से पूछताछ में जुटी है। दरअसल जिला पुलिस अधीक्षक प्रीति जैन के निर्देशन में मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत मुखबिर की सूचना पर चित्तौड़गढ़ कोतवाली थाना प्रभारी मोतीराम सारण व टीम ने रोडवेज बस स्टैंड पर एक युवक की तलाशी ली। पूछताछ के बाद उसके बैग की तलाशी ली गई। इसमें 1 किलोग्राम एमडी पाई गई। इसे जब्त कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी रमेश पुत्र रामप्रताप विश्नोई निवासी बाड़मेर को गिरफ्तार कर लिया। जब्त एमडी की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में 1 करोड़ रुपए आंकी गई है। जिला पुलिस अधीक्षक प्रीति जैन ने बताया कि मामले की जांच सदर थाना अधिकारी हरेंद्र सिंह सोढ़ा को दी गई है। आरोपी एमडी कहां से लाया और कहां सप्लाई दी जानी थी? इसके संबंध में आरोपी से पूछताछ की जा रही है।