जोधपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
जोधपुर शहर के सूरसागर थाना क्षेत्र में मंगलवार रात दो युवकों के बीच हुए विवाद के बाद दो पक्ष आमने-सामने हो गए। दोनों पक्षों में जमकर लात-घूंसे चले। इस दौरान कुछ लोगों को हल्की चोटें आने की सूचना है। एक युवक को अस्पताल भेजा गया है। सूचना पर पहुंची सूरसागर थाना पुलिस ने लोगों को तितर-बितर किया क्षेत्र में धारा 144 लागू कर दी गई है।इस घटना के बाद मौके पर पुलिस के आला अधिकारी और आरएसी सहित पुलिस का भारी जाप्ता तैनात कर दिया गया है। हालात को नियंत्रण में ले लिया है। इसके बाद पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में भी लिया है। जानकारी के अनुसार सूरसागर थाना क्षेत्र के रॉयल्टी नाके के पास राजाराम सर्किल के नजदीक बाबू माली का वाटर सप्लाई का काम है। उसके बेटे का एक टैक्सी चालक से विवाद हो गया। इसके थोड़ी देर बाद लोगों का हुजूम एकत्रित हो गया। आपसी विवाद की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को तितर-बितर कर दिया। इस दौरान पुलिस के आलाधिकारी और आरएसी का जाप्ता भी मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने शहर को अपने नियंत्रण में ले लिया है। लोगों को मौके से हटाने के बाद पुलिस की प्रबुद्धजनों से बातचीत भी हुई। डीसीपी वंदिता राणा ने मौके पर शांति होने की बात कही है। सभी अधिकारी मौके पर ही मौजूद हैं। जानकारी मिलने पर भाजपा व कांग्रेस के लोग भी मौके पर पहुंच गए।

0 टिप्पणियाँ