कैलादेवी विनोद कुमार जांगिड़।
उत्तर भारत के प्रसिद्ध आस्थाधाम कैलादेवी में मुख्य सड़क मार्ग पर पसरी अतिक्रमण की समस्या पदयात्री, आमजन, व दुपहिया वाहन चालकों के लिए लंबे समय से नासूर बनी हुई है। वही प्रशासन के दावे भी खोखले साबित हो रहे हैं। जिसके कारण लोगों में प्रशासन के प्रति रोष बना हुआ हैं।आपको बता दें, कि कैलादेवी में बड़ी धर्मशाला के सामने सड़क के बीचों-बीच कुछ उत्पाती लोगों ने भोग प्रसाद के ठेले लगा अतिक्रमण कर रखा है इसके अलावा अतिक्रमणकारियों ने बीच सड़क पर अवैध पार्किंग शुरू कर रखीं हैं। जहां मनमर्जी से चौपहिया वाहनों को खड़ा करवा दिया जाता है जिसका खामियाजा दूरदराज से आने वाले दर्शनार्थियों सहित आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है। परिणामस्वरूप अनेक बार आवागमन मार्ग जाम की समस्या से अवरूद्ध हो जाता है। जाम की समस्या पैदा होने पर आमजन व दो पहिया वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।कथित तौर पर बड़ी संख्या में पदयात्री पुराने बस स्टैंड से दण्डवत करते हुए कैलादेवी मंदिर तक पहुंचते हैं। सड़कों के बीचों-बीच अतिक्रमियों द्वारा खड़े करवाए वाहनों के चलते दर्शनार्थियों को भी अपनी श्रद्धा जान जोखिम में डालकर पूरी करनी पड़ती है।
प्रशासन के दावे हुए खोखले साबित।
लंबे समय से नासूर बनी अतिक्रमण की समस्या से निजात दिलाने के लिए अनेकों बार कस्बेवासियों ने प्रशासन से गुहार लगाई और हर बार प्रशासन ने कस्बे वासियों को शीघ्र ही अतिक्रमण की समस्या से निजात दिलाने के दावे भी किए ।लेकिन हमेशा की तरह अभी तक प्रशासन के दावे खोखले साबित हो रहे हैं। अतिक्रमण के कारण आए दिन होने वाली जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए कैलादेवी पुलिस द्वारा भी कोई प्रयास नहीं करना पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवालिया निशान खड़ा करती है।पुलिस की मूकदर्शता को जहां एक ओर लोग ठेले वालों की दबंगई तो दूसरी ओर प्रशासन की मिली-भगत भी मान रहे हैं। इस बारे में जानकारी के लिए पुलिस उपाधीक्षक गिर्राज मीणा से सम्पर्क करने का प्रयास किया लेकिन उनके फोन ना उठाने के कारण उनसे सम्पर्क नहीं हो सका। वहीं जब अन्य पक्षों से इनकी जानकारी की गई तो सभी एक-दूसरे पर टालकर अपना बचाव करते नजर आए। इसको देखकर लगता है कि कैलादेवी कस्बे में भ्रष्टाचार की जड़ें ऊपर तक कायम है तथा कभी इस समस्या का समाधान होगा ही नहीं। थानाधिकारी बृजेन्द्र सिंह ने कहा कि सीएलजी मीटिंग में सीओ गिर्राज मीणा ने कार्यवाही करने के हमें निर्देश दिए थे। अतिक्रमण हटाने सम्बंधित कार्य ग्राम पंचायत को करना चाहिए।हम सहयोग के लिए तैयार हैं। उपसरपंच राधेश्याम माली का कहना है कि सड़क मार्ग पर यातायात बाधित होता है या बीच सड़क से मार्ग खाली कराने का कार्य पुलिस का है यह उन्हें करना चाहिए।

0 टिप्पणियाँ