जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
राजस्थान के खाद्य नागरिक आपूर्ति मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास के कंधे का सफल ऑपरेशन गुरुवार को पुणे स्थित दीनानाथ मंगेशकर अस्पताल मे हो चुका है। शनिवार को छुट्टी मिल सकती है। चिकित्सकों ने फिलहाल उन्हें अंडर ओब्सर्वेशन में रखते हुए आराम करने की सलाह दी है।संभावना जताई जा रही है कि स्वास्थ्य सुधार होने पर उन्हें कल तक डिस्चार्ज किया जा सकता है। लगभग पांच घंटे तक चले ऑपरेशन के सफल होने के बाद खाद्य आपूर्ति मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने अपनी एक तस्वीर सोशल मीडिया के ज़रिये साझा की। उन्होंने प्रदेशवासियों की दुआओं और अस्पताल के चिकित्सकों का आभार जताते हुए स्वास्थ्य पहले से बेहतर होने की जानकारी दी। आपको बता दें, कि बीते 22 अप्रेल को फुटबॉल खेलते समय खाचरियावास को कंधे में चोट लग गई थी, जिसके बाद एसएमएस मेडिकल कॉलेज प्राचार्य डॉ. सुधीर भंडारी के नेतृत्व में मेडिकल बोर्ड का गठन किया गया था। बोर्ड के सुझाव पर ही उन्हें ऑपरेशन के लिए पुणे स्थित दीनानाथ मंगेशकर हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया, जहां वरिष्ठ डॉ.. आशीष बाबुलकर की देखरेख में ऑपरेशन से लेकर उपचार चला।मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का भी शुक्रवार शाम को पुणे के लिए रवाना होने का कार्यक्रम है। वे रात को पुणे में ही रात्रि विश्राम करके शनिवार को जैन इंटरनेशनल ट्रेड ऑर्गेनाइजेशन के 'जीटो-2022 कार्यक्रम' में शामिल होंगे। ऐसे में माना जा रहा है कि सीएम गहलोत अपने पुणे दौरे के दौरान अस्पताल में भर्ती खाद्य आपूर्ति मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास से उनकी कुशलक्षेम पूछने के लिए उनसे मिल सकते हैं।