करौली ब्यूरो रिपोर्ट।
करौली जिले के नादौती थाना अंतर्गत शहर चौकी पर तैनात घूसखोर एएसआई सुरेश चंद को करौली एसीबी टीम ने 5000 रुपए की रिश्वत लेते हुए शुक्रवार को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के डीएसपी अमरसिंह मीणा के नेतृत्व में रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया घूसखोर एएसआई नादौती थाना अंतर्गत शहर पुलिस चौकी इंचार्ज के पद पर कार्यरत था। जिसके खिलाफ परिवादी रणजीत सिंह पुत्र प्रहलादसिंह निवासी कैमा पुलिस थाना नादौती जिला करौली के द्वारा दर्ज प्रकरण में मदद करने की एवज में 20 हजार रुपए की मांग करने का परिवाद दर्ज करवाया था। परिवाद में बताया गया कि परिवादी ने पुलिस थाना नादौती पर एक प्रकरण दर्ज कराया बताया कि उसके विरुद्ध भी विपक्षी पार्टी द्वारा प्रकरण दर्ज करवा दिया गया। उक्त दोनों प्रकरणों का अनुसंधान एएसआई सुरेश द्वारा किया जा रहा है। एएसआई सुरेश द्वारा परिवादी के विरुद्ध दर्ज प्रकरण में मदद करने की एवज में 20 हजार रुपए की मांग की तथा बाद में 5 हजार रुपए देने पर सौदा तय हुआ। टीम के द्वारा दर्ज परिवाद का सत्यापन करवाया गया। सत्यापन में 5 हजार रुपए रिश्वत की मांग की पुष्टि होना पाई गई। शिकायत पर शुक्रवार को आरोपी एएसआई सुरेश चंद पुत्र रामखिलाड़ी निवासी महस्वा पुलिस थाना श्रीमहावीरजी द्वारा रिश्वत की राशि 5 हजार रुपए को परिवादी से पुलिस चौकी शहर में अपनी कार्य करने की टेबल पर रखी। जिस पर परिवादी से निर्धारित इशारा प्राप्त होने पर टीम द्वारा आरोपी एएसआई सुरेश चंद को रंगे हाथों गिरफ्तार करते हुए रिश्वत राशि को फाइल से बरामद कर लिया गया। ट्रैप की कार्रवाई में रीडर बृजेश कुमार, कांस्टेबल श्याम सिंह, विष्णु सिंह, केशव देव, भूपेंद्र सिंह, राकेश सिंह, सतवीर सिंह आदि शामिल रहे।

0 टिप्पणियाँ