जोधपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
शादी के बाद पत्नी के नहीं आने से परेशान एक युवक ने पारिवारिक न्यायालय के बाहर ससुराल पक्ष पर चाकू से हमला कर दिया। इसमें युवक का चचेरा साला गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे अस्पताल भर्ती करवाया गया है। पुलिस ने आरोपी अनुपाराम को हिरासत में ले लिया है। पुलिस के अनुसार बावरला निवासी युवक अनुपाराम का गौना 2016 में हुआ था। इस दौरान उसकी चचेरी बहन का भी गौना उसके एक साले से हुआ था। वो अपने ससुराल चली गई, लेकिन अनुपाराम की पत्नी प्रियंका उसके घर नहीं आई। जिसके चलते उसकी अपने ससुराल से नाराजगी हो गई। इस बीच मामला कोर्ट में चला गया। विवाह शून्य करने की कार्रवाई शुरू हो गई। क्योंकि शादी के समय लड़की नाबालिग थी। पारिवारिक न्यायालय में सुनवाई के दौरान दोनों पक्ष आते रहे। इस दौरान दोनों पक्ष में बातचीत भी हुई लेकिन विवाद होने पर आपस में भिड़ गए।इस दौरान अनुपा राम अपनी जेब से चाकू निकालकर अपने साले दिनेश पर वार किया, जिससे वह घायल हो गया। उसकी कमर के नीचे चाकू लगा है। घटना से कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि मौके पर पुलिस का जाप्ता मौजूद था। उन्होंने अनोपाराम पर काबू पा लिया। लेकिन काबू पाने से पहले अनोपाराम ने पुलिसवालों को भी चाकू दिखाया। लेकिन आखिरकार पुलिस ने उसे पकड़ लिया और थाने ले गई। जहां पर दोनों पक्षों की ओर से रिपोर्ट दर्ज करवाई गई।

0 टिप्पणियाँ