जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
राजस्थान के लोक कलाकार मामे खान ने इतिहास रच दिया है।भारत-पाकिस्तान बॉर्डर पर स्थित जैसलमेर जिले के लोक कलाकार मामे खान फ्रांस में आयोजित हो रहे 75वें कान्स फिल्म फेस्टिवल में भारत के लिए रेड कार्पेट पर चलने वाले पहले लोक कलाकार बने हैं। मामे खान की इस उपलब्धि पर सीएम अशोक गहलोत और राज्यपाल कालराज मिश्र ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी है।मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने ट्वीट कर कहा कि खुशी की बात है कि राजस्थानी गायक मामे खान कान्स फिल्म फेस्टिवल में रेड कार्पेट पर चलने वाले भारत के पहले लोक कलाकार बन गए हैं। 
यह राजस्थान की लोक संगीत की समृद्ध परंपरा के लिए अनूठा है। गहलोत ने मामे खान को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी। आपको बता दें, कि मामे खान ने कई बॉलीवुड फिल्म जैसे 'लक बाय चांस', 'नो वन किल्ड जेसिका' और 'सोनचिरैया' के लिए पार्श्व गायक रह चुके हैं। वे अमित त्रिवेदी के साथ कोक स्टूडियो से भी जुड़े हुए हैं। वहीं, कान्स के रेड कारपेट पर उनका लुक देखने लायक था। वे एकदम देसी अंदाज में नजर आए। उन्होंने रेड कारपेट पर वॉक करते समय ट्रेडिशनल राजस्थानी आउटफिट कैरी कर रखा था। उन्होंने रंग-बिरंगी कढ़ाई किया हुआ कोट और गुलाबी कुर्ता पहन रखा था। सिर पर राजस्थानी टोपी पहन उन्होंने अपने लुक को कम्पलीट किया।