जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
उदयपुर नव संकल्प शिविर की घोषणाओं को पूरा करने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने पॉलिटिकल अफेयर ग्रुप और साल 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए टास्क फोर्स 2024 का गठन किया है। साथ ही कांग्रेस की ओर से निकाली जाने वाली भारत जोड़ो यात्रा के समन्वय के लिए बनाई गई सेंट्रल प्लानिंग ग्रुप का भी गठन किया गया है। तीनों कमेटियों में राजस्थान के भी दो नेताओं को स्थान मिला है। इनमें अलवर के पूर्व सांसद और केंद्रीय मंत्री रहे भंवर जितेंद्र सिंह व पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट शामिल हैं। राहुल गांधी समेत 8 सदस्यों वाली राजनीतिक मामलों को देखने के लिए बनाई गई महत्वपूर्ण कमेटी में राजस्थान से भंवर जितेंद्र सिंह को शामिल किया गया है। जबकि भारत जोड़ो यात्रा के समन्वय के लिए बनाई गई 9 सदस्य कमेटी में सचिन पायलट को शामिल किया गया है। दोनों ही नेताओं को कांग्रेस पार्टी ने महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी है। लेकिन जिस तरीके से भंवर जितेंद्र को राजनीतिक मामलों को देखने वाले ग्रुप में शामिल किया है। उससे भंवर जितेंद्र का कांग्रेस पार्टी में कद और भी बढ़ गया है। वहीं सचिन पायलट को भी सेंट्रल प्लानिंग ग्रुप में शामिल सचिन पायलट को भी कांग्रेस ने महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी है।

0 टिप्पणियाँ