जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
देश में लोकतंत्र खतरे में है और इसी को बचाने के लिए राहुल गांधी और हमारे नेता भारत जोड़ो यात्रा कर रहे हैं। कर्नाटक और मध्यप्रदेश में वोटों से चुनी गई सरकार को गिराने के साथ ही राज्यसभा में भी जोड़-तोड़ कर जीत दर्ज कर लोकतंत्र की हत्या करने का काम भाजपा कर रही है। लेकिन कांग्रेस पार्टी राजस्थान में एकजुट है और तीन सीटों पर जीत दर्ज करेगी। यह कहना है राजस्थान कांग्रेस के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा का।डोटासरा ने कहा कि किस तरीके से ईडी, सीबीआई का दुरुपयोग किया जाता है और चाहे चिदंबरम हों या फिर लालू यादव, उन पर कार्रवाई शुरू हो जाती है। डोटासरा ने कहा कि आज तक भाजपा के किसी नेता पर कोई कार्रवाई नहीं होती। जैसे कि भाजपा ने ईडी, सीबीआई की कार्रवाई के लिए संविधान बदल दिया हो। उन्होंने कहा कि अभी देश में लोकतंत्र खतरे में है और केंद्र की भाजपा सरकार संवैधानिक संस्थाओं को खत्म कर लोकतंत्र का गला घोंट रही है। इसी के जरिए वह सत्ता में वापसी करना चाहती है। पूर्व शिक्षा मंत्री वासुदेव देवनानी के मदरसों को लेकर दिए गए बयान पर गोविंद डोटासरा ने कहा कि यह बात देवनानी ने नहीं बल्कि देवनानी को जो पर्ची भारती भवन और आरएसएस से पहुंची थी उसका परिणाम है। डोटासरा ने कहा कि भाजपा धार्मिक उन्माद प्रदेश में फैलाना चाहती थी। लेकिन सरकार ने उन्हें यह करने से रोक दिया। इसलिए ऐसी बातें कर दोबारा वही प्रयास हो रहा है। उन्होंने कहा कि अभी तो मदरसा ही आया है शमशान, कब्रिस्तान, अल्लाह और भगवान का आना बाकी है। उन्होंने कहा कि यह 'ईश्वर अल्लाह तेरो नाम' की बात नहीं करेंगे और झगड़े करवाएंगे। झगड़े करवाने के बाद हनुमान चालीसा करेंगे ताकि इन्हें हिंदू वोट मिल सके। प्रदेश में चार राज्यसभा सीटों पर होने वाले चुनाव से पहले प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने भाजपा की ओर से षड्यंत्र किए जाने की आशंका जताई है। डोटासरा ने कहा कि हम भाजपा के षड्यंत्र से चौकस हैं और जानते हैं कि भाजपा वह सब काम करेगी जो लोकतंत्र में किसी दल या सरकार को नहीं करना चाहिए। लेकिन कांग्रेस मजबूत है और हम सब एकजुट हैं। चार में से तीन राज्यसभा सीट कांग्रेस जीतेगी चाहे भाजपा कुछ भी कर ले। वहीं राज्यसभा चुनाव से पहले कांग्रेस के विधायक गणेश घोघरा के इस्तीफे और उनकी नाराजगी को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि घोघरा ने मुझसे भी मुलाकात की है और मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को भी उन्होंने अपनी बात कही है। अब घोगरा खुश हैं और उन्हें कोई परेशानी नहीं है। उन्होंने कहा कि छोटी-मोटी जो भी शिकायत गणेश घोघरा की थी उन्होंने मुझसे और मुख्यमंत्री से मिलकर कह दी है। अब उनकी नाराजगी समाप्त हो गई है।