झालावाड़-हरिमोहन चोडॉवत।
झालावाड़ जिले भर में मंगलवार को ईद उल फितर का त्योहार बड़े ही हर्ष और उल्लास के साथ मनाया गया। जिले के सभी कस्बों में आज मुस्लिम भाई सुबह ईदगाहो पर पहुंचे और नमाज अदा कर एक दूसरे को ईद उल फितर की बधाई दी। इधर झालावाड़ शहर की ईदगाह में भी शहर काजी अब्दुल रहमान द्वारा ईद की नमाज अदा करवाई गई और मुल्क में चैन और अमन की दुआएं मांगी गई। इस दौरान शहर काजी की दस्तारबंदी भी की गई। नमाज के बाद सभी मुस्लिम भाइयों ने एक दूसरे के गले मिलकर ईद उल फितर की बधाई दी।
इस दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर राधेश्याम डेलू, एएसपी देवेंद्र सिंह, एसडीएम सुरेश कुमार हरसोलिया तथा डीएसपी नीरज कुमारी शर्मा भी मौजूद रही। ईदगाह के बाहर मौजूद सभी पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने भी मुस्लिम भाइयों को ईद की बधाई दी और त्यौहार को आपसी भाईचारे के साथ मनाने की अपील की। उधर झालावाड़ जिले भर में भी मुस्लिम भाइयों द्वारा एक दूसरे के गले मिलकर बधाइयां दी गई और बच्चों को मिठाई, चॉकलेट और पैसे ईदी के तौर पर बांटे गये। गौरतलब है कि गत 2 वर्षों से कोरोना संक्रमण काल के चलते ईद का त्यौहार सादगी से ही मनाया जा रहा था। ऐसे में इस वर्ष ईद उल फितर के अवसर पर मुस्लिम भाइयों में जबरदस्त उत्साह देखा गया।

0 टिप्पणियाँ