जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
प्रतिपक्ष नेता गुलाबचंद कटारिया ने मुख्यमंत्री बदलने को लेकर बयान दिया है। शनिवार को यूडीएच मंत्री शांति धारीवाल के पायलट पर निशाना साधने और सीएम गहलोत के नेतृत्व में चुनाव लड़ने के बयान के बाद एक बार फिर इस मुद्दे पर बयानबाजी शुरू हो गई है। प्रतिपक्ष नेता गुलाबचंद कटारिया ने कहा कि पिछले कई दिनों से कांग्रेस के अंदर चल रही उठापटक जगजाहिर हो गई है। उन्होंने कहा अंदर ही अंदर सीएम गहलोत स्वंय दबाव में हैं। मुझे लगता है कि कांग्रेस के हाईकमान ने कोई न कोई निर्णय मुख्यमंत्री के खिलाफ ले लिया है। इसी कारण उन्होंने धारीवाल को बोलने के लिए आगे किया है। ताकि प्रेशर बिल्डअप रहे। विपक्ष के नेता गुलाबचंद कटारिया ने कहा कि सीएम गहलोत ने डूंगरपुर में पटेल सम्मेलन किया। वह सम्मेलन भी इसलिए किया क्योंकि गुजरात में चुनाव है। यहां ताकत दिखाएंगे तो इसका अर्थ यह है कि इसका असर गुजरात में भी पड़ेगा। यह दिखाकर उन्होंने अपने हाईकमान को थोड़ा प्रेशर में लेने का प्रयास किया है। यह निश्चित है कि हाईकमान ने सीएम गहलोत के खिलाफ कोई मानस बना लिया है। प्रतिपक्ष के नेता गुलाबचंद कटारिया गहलोत सरकार और कांग्रेस पर लगातार जुबान हमले करते रहते हैं। कटारिया इससे पहले भी कई बार गहलोत को सीएम पद से हटाने को लेकर बयान दे चुके हैं। पिछले साल कटारिया ने कहा था कि जिस दिन मंत्रिमंडल विस्तार हो जाएगा उसके बाद यह सरकार गिर जाएगी। अब यूडीएच मंत्री शांति धारीवाल के बयान के बहाने गुलाबचंद कटारिया ने सीएम गहलोत को निशाने पर लिया है। पिछले सप्ताह ही गहलोत ने कहा था कि मुख्यमंत्री बदलने की चर्चाएं नहीं होनी चाहिए, जब सीएम बदला जाएगा तो किसी को कोनों कान भनक नहीं लगेगी।