उदयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
जोधपुर हिंसा को लेकर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने एक बार फिर बीजेपी पर निशाना साधा है। सीएम गहलोत ने कहा कि विधानसभा चुनाव में हार के डर के चलते भाजपा प्रदेश में दंगे करवा रही है। सीएम गहलोत ने केंद्रीय गृह मंत्रालय से मांग की है कि एक कमेटी बनाकर इन दंगों की जांच करवाई जाए। सीएम गहलोत ने गुरुवार को उदयपुर में मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि प्रदेश में दंगे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। करौली और जोधपुर में हुई हिंसा के लिए सीएम गहलोत ने भाजपा को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि भाजपा दंगे और ध्रुवीकरण के सहारे चुनाव जीतना चाहती है। सीएम गहलोत ने सभी राजनीतिक दलों से शांति की अपील करते हुए कहा कि सभी राजनीतिक दलों की जिम्मेदारी है कि वह शांति व्यवस्था कायम करने में सहयोग करें। सीएम गहलोत ने कहा कि भाजपा की योजना पूर्ण तरीके से पूरे प्रदेश में दंगा करवाने की है। पहले इन्होंने करौली में दंगा करवाया और अब जोधपुर में दंगा करवाया। सीएम ने कहा कि हमने पूरे प्रयास करके टाइम पर कार्रवाई की। इसलिए छुटपुट घटनाएं हुई, कई जगह आगजनी भी हुई है जो भी लोग हिंसा में आरोपी है। उन सब को अरेस्ट कर लिया गया है। हम किसी भी कीमत पर प्रदेश में हिंसा बर्दाश्त नहीं करेंगे और जो बीजेपी षड्यंत्र रच रही है उनके षड्यंत्र को भी कामयाब नहीं होने देंगे। सीएम ने कहा कि लेकिन यह बातें आज की युवा पीढ़ी को नहीं पता। इसीलिए भाजपा और आरएसएस के लोग इसका फायदा उठा रहे हैं और युवा पीढ़ी को बरगला रहे हैं। सीएम गहलोत ने कहा कि हिंसा में जो भी लोग दोषी हो चाहे वह किसी भी धर्म-मजहब या राजनीतिक पार्टी से जुड़े हों उन्हें बख्शा नहीं जाएगा।

0 टिप्पणियाँ