उदयपुर-भगवान प्रजापत।
मोहनलाल सुखाडिया विश्वविद्यालय के वाणिज्य महाविद्यालय के बाहर दो छात्र गुटों के आपस में भिड़ने से माहौल गरमा गया। महाविद्यालय के बाहर हुए हंगामे की सूचना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हंगामे को शांत करवाया। इसी बीच एक गुट के छात्र भूपालपुरा थाने पहुंच गए और मारपीट करने वाले छात्रों के खिलाफ मामला दर्ज करवाने लगे की इसी बीच थाने के बाहर फिर से दोनों गुटों के बीच झड़प हो गयी। ऐसे में पुलिसकर्मियों ने हल्का बल का प्रयोग करते हुए छात्रों को वहां से खदेड़ा।जानकारी के अनुसार वाणिज्य महाविद्यालय के अविनाश कुमावत और मूमल चुण्डावत की देव सोनी से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गयी। 
इसके बाद गुरूवार को परीक्षा देकर लौटे छात्र के एक गुट ने मारपीट कर दी। महाविद्यालय के बाहर माहौल गरमाने से भूपालपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची पुलिस दोनों गुटों के छात्रो को थाने ले आई। इतने में दोनों गुटों के अन्य छात्र थाने के बाहर जमा हो गए। पुलिस दोनों गुटों को समझाती इससे पहले एक बार फिर दोनों के बीच झड़प हो गयी। माहौल खराब होता देख पुलिसकर्मियों ने हल्के बल का प्रयोग किया और वहां से छात्रों को खदेड़ा। थाने में दोनों गुटों की और से मामला दर्ज करवाया गया है।भूपालपुरा थानाधिकारी ने बताया कि दोनों पक्षों की और से रिपोर्ट दी गई है, अब जांच की जाएगी।