झालावाड़-हरिमोहन चोडॉवत।
झालावाड़ जिले की मनोहरथाना पुलिस ने अंतर्राज्यीय बाइक चोर गिरोह का खुलासा करते हुए एक शातिर बाइक चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर चोरी की आठ बाइक भी बरामद की है। पुलिस द्वारा गिरोह के दो अन्य अभियुक्तों की तलाश की जा रही है। मामले की जानकारी देते हुए मनोहरथाना थानाधिकारी नंदकिशोर वर्मा ने बताया कि 3 मई को अवैध कार्यों की रोकथाम और चैकिंग हेतु नाकाबंदी के दौरान पुलिस जाब्ते को देख एक व्यक्ति अपनी मोटरसाइकिल को घुमा कर भागने लगा था। संदेह होने पर उसको डिटेन किया गया, तो उसके पास चोरी की मोटरसाइकिल होना पाया गया। इस पर आरोपी सुरेश भील निवासी रतनपुरिया को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया । जहां से उसे 2 दिन पीसी रिमांड पर लिया गया। इस दौरान आरोपी ने बताया कि रतनपुरा निवासी विजय सिंह उर्फ बने सिंह व महेंद्र भील चोरी की वारदातों में उसके साथी है। आरोपी की निशानदेही पर उसके पास से चोरी की कुल 8 बाइक जप्त की गई है।गिरफ्तार आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वो भीड़भाड़ वाले स्थानों की रैकी कर मौका देखकर मास्टर चाबी से बाइक स्टार्ट कर फरार हो जाता था। मनोहरथाना पुलिस अब  गिरोह के दोनो फरार अभियुक्तों की तलाश कर रही है।