कोटा - हंसपाल यादव
पश्चिम मध्य रेलवे के माल डिब्बा मरम्मत कारखाना में शनिवार शाम को भीषण आग लग गई। इस कारण कारखाने के एक अनुभाग में बड़ा नुकसान हुआ है। कई दमकल आग बुझाने में लगी रही। आग लगने के कारणों का खुलासा नहीं हुआ है। यहां पर सभी तरह के माल डिब्बों का रख रखाव किया जाता है। यह कारखाना करीब 60 साल पुराना है। इसमें करीब 1800 कर्मचारी कार्य करते हैं। अभी कितना नुकसान हुआ है, इसका आकलन नहीं हुआ है, लेकिन नुकसान करोड़ों रुपए में हो चुका है।
कारखाने में कई ज्वलनशील पदार्थ भी उपयोग में आते हैं। कारखाने में आग की घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। वहीं कारखाने में काम कर रहे कर्मचारी जान बचाने के लिए भागे। सूत्रों ने बताया कि कारखाने के सबसे महत्वपूर्ण भाग में आग लगी है। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ देर में बड़े भाग में आग फैल गई। कई कर्मचारी अचानक आग को तेजी से फैलते हुए देख घबरा गए और चिल्लाने लगे। नगर निगम को सूचना मिलने पर निगम की दमकल भी भेजी गई। इसके अलावा कारखाने के फायर फाइटिंग सिस्टम का उपयोग किया गया।

0 टिप्पणियाँ