झालावाड़-हरिमोहन चोडॉवत।
झालावाड़ की कोतवाली थाना पुलिस ने आईपीएल क्रिकेट पर ऑनलाइन सट्टा खाईवाली करते हुए दो सट्टा खाईवालों को गिरफ्तार किया है।आरोपियों के पास से पुलिस ने 3520 रुपए नगदी, 7 मोबाइल, एक स्विफ्ट कार तथा करीब 4 लाख 88 हजार रूपए का हिसाब बरामद हुआ है।मामले की जानकारी देते हुए झालावाड़ पुलिस अधीक्षक मोनिका सेन ने बताया कि जिले में चल रहे संगठित अपराधों पर प्रभावी रोकथाम के लिए झालावाड़ पुलिस द्वारा जिले भर में अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत कोतवाली पुलिस को सूचना प्राप्त हुई थी कि कुछ लोगों द्वारा आईपीएल क्रिकेट पर ऑनलाइन सट्टा चलाया जा रहा। ऐसे में मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने राड़ी के बालाजी रोड पर छापेमारी की और एक स्विफ्ट कार में बैठकर मोबाइल पर ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा चलाते दो युवकों को धर दबोचा। आरोपियों के पास से मौके से 3520 रुपए नकदी, 4 लाख 88 हजार रुपए का हिसाब, 7 मोबाइल फोन तथा एक स्विफ्ट कार को बरामद कर लिया गया है। पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपी आफताब और अली रजा ने बताया कि वे सट्टा खाईवाली करके झालावाड़ के ही पीरखाना निवासी अब्दुल वाहिद को भेजते थे। बहरहाल कोतवाली पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई से शहर के सटोरियों में हड़कंप मच गया है।