जयपुर/हनुमानगढ़ ब्यूरो रिपोर्ट।
राजस्थान में कोयले की कमी, और गर्मी मे बिजली की खपत ज्यादा होने की वजह से राज्य मे बिजली संकट मंडराने लगा है। जिसकी वजह से राजस्थान के प्रत्येक इलाके में गहलोत सरकार द्वारा प्रतिदिन विद्युत कटौती की जा रही है। इसके विरोध में आज राजस्थान भर में प्रत्येक जीएसएस पर विरोध प्रदर्शन कर सरकार से कटौती बंद करने की मांग करेंगे। भारतीय जनता पार्टी जिला हनुमानगढ़ के जिलाध्यक्ष बलबीर बिश्नोई ने प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए बताया कि इस भीषण गर्मी में राजस्थान सरकार के बिजली विभाग ने बिजली कटौती के आदेश जारी किए है। जिसको लेकर भारतीय जनता पार्टी जिले भर के समस्त जीएसएस का घेराव आज करेगी।जिलाध्यक्ष बलबीर बिश्नोई ने बताया कि कांग्रेस" की "बत्ती बुझाओं योजना" के तहत अब राजस्थान में रोजाना "बिजली कटौती" होंगी और इस भीषण गर्मी के समय में कांग्रेस सरकार द्वारा बिजली कटौती के आदेश जारी करना राजस्थान की जनता के कोढ मे खाज का काम करेगी जिस से प्रत्येक वर्ग प्रभावित होगा। राजस्थान सरकार के बिजली कटौती के आदेश में संभाग मुख्यालयों पर एक एक घंटे, जिला मुख्यालय पर दो दो घंटे और नगर निगम व कस्बा में तीन तीन घंटे और ग्रामीण क्षेत्र का तो कोई समय ही नहीं है बिजली कटौती का। इस भीषण गर्मी में पेयजल की आपूर्ति भी इस बिजली कटौती की वजह से प्रभावित होगी और आमजन बिजली और पेयजल ना मिलने से त्राहि माम करने लगेगा। इस लिए भारतीय जनता पार्टी आमजन की आवाज बनकर इस बिजली कटौती के आदेशों को निरस्त करवाने के लिए जिले भर के समस्त जीएसएस का घेराव करेगी और फिर भी अगर राजस्थान सरकार के कानो पर जूं नहीं रेंगी तो सड़को पर उतर कर विशाल आंदोलन करेगी।