दौसा ब्यूरो रिपोर्ट।
राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष रेखा शर्मा ने राजस्थान के लॉ एंड ऑर्डर पर गंभीर सवाल उठाए हैं। साथ ही गांव में परिवहन की व्यवस्था को लेकर सीधे अशोक गहलोत सरकार पर निशाना साध दिया। जिले के रामगढ़ पचवारा में 32 साल की महिला को दो युवकों ने कार में लिफ्ट दी थी। इसके बाद उसके साथ रेप किया व ओढ़नी से गला घोटकर हत्या कर दी थी। आरोपियों ने शव को देर रात कुएं में फेंक दिया था। गुरुवार को राष्ट्रीय महिला आयोग अध्यक्ष दौसा पहुंचीं। उन्होंने कहा- गांव से गांव की कोई कनेक्टिविटी नहीं है। ट्रांसपोर्टेशन के साधन नहीं हैं। इतनी धूप में महिला अपने गांव 6 किलोमीटर पैदल जा रही थी। गर्मी के कारण उसे कार में लिफ्ट लेनी पड़ी और यह घटना घटी। अगर गांव तक कोई बस जाती तो महिला के साथ न तो ज्यादती होती और न उसकी हत्या होती। ये सरकार का फेल्योर है कि वो गांवों तक ट्रांसपोर्टेशन के साधन नहीं पहुंचा पा रही है। रेखा शर्मा ने राजस्थान की पुलिस पर भी गंभीर सवाल उठाए। कहा कि अधिकारियों से बात करते हैं तो कहते हैं कि रेप 80 प्रतिशत मामले फेक होते हैं। अगर पहले ही ऐसी मानसिकता लेकर पुलिस काम करेगी तो महिलाओं के साथ न्याय कैसे होगा। उन्होंने प्रदेश की कानून व्यवस्था को भी कटघरे में खड़ा किया और कहा कि दौसा में दो ऐसे युवकों ने जघन्य अपराध दिनदहाड़े कर दिया जिनका क्रिमिनल रिकॉर्ड नहीं था। उन्होंने कहा कि कुछ फैक्ट है जो पुलिस से छूट रहा है। त्वरित कार्रवाई हुई है लेकिन दिनदहाड़े ऐसी घटना ही अपने आप में सवाल उठाती है, क्या अपराधियों में कानून का डर बिल्कुल खत्म हो गया। राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष रेखा शर्मा ने कहा कि राजस्थान में नाबालिगों के साथ भी हर दूसरे दिन कोई बड़ी घटना घर रही है। राजस्थान में कानून व्यवस्था का डर अपराधियों में नहीं रहा। अपराधियों को जल्द पकड़ लेना कोई शाबासी का काम नहीं है, सवाल ये है कि अपराध थम नहीं रहे हैं। लगातार रेप की घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने ट्रांसपोर्टेशन का सवाल भी उठाया। कहा कि गांव तक कनेक्टिविटी ही नहीं है। महिला को मजबूरन धूप में लिफ्ट लेनी पड़ी। जिस बच्चे ने घटना का क्लू दिया वह खुद रोजाना लिफ्ट लेकर स्कूल से घर आता है। सरकार यह भी प्रोवाइड नहीं करा सकी है। महिला आयोग अध्यक्ष रेखा शर्मा ने कहा कि अपराध के खिलाफ कार्रवाई काफी नहीं है। कानून का डर लोगों में होना चाहिए। ऐसे लोगों को तुरंत पकड़ा जाए, जल्द सख्त सजा दी जाए। तब कानून का इकबाल बनेगा। उन्होंने कहा- दौसा में अपराधियों ने दिन के 11 बजे अपहरण किया, रेप किया और रात में डेडबॉडी को कुएं में फेंक कर आए। इस दौरान उन्हें किसी तरह का डर नहीं था, जबकि उनका क्रिमिनल रिकॉर्ड नहीं था। अपराध का ऐसा स्वरूप क्यों है, इसको समझना पड़ेगा।दौसा के रामगढ़ पचवारा के एक गांव की महिला 23 अप्रैल को अपने ससुराल से पीहर आई थी। गांव से 6 किलोमीटर दूर बस ने उसे उतार दिया। कोई साधन नहीं मिला तो वह पैदल घर की ओर चल दी। रास्ते में उसे कालूराम व उसके साथी कार से मिले व लिफ्ट की पेशकश की। दोनों उसे सुनसान इलाके में ले गए, रेप किया और ओढ़नी से गला दबाकर हत्या कर दी। रात में शव बस्सी थाना इलाके के कुएं में फेंक आए। इस मामले में आज राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष रेखा शर्मा ने दौसा में एसपी राजकुमार गुप्ता व डिप्टी एसपी सत्यनारायण यादव से घटनाक्रम की जानकारी ली। रेखा शर्मा दौसा से रामगढ़ पचवारा भी गईं।

0 टिप्पणियाँ