कोटा ब्यूरो रिपोर्ट।
कांग्रेस बीजेपी के नेता एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप का कोई मौका नहीं छोड़ते। लेकिन कोटा में रविवार को एक अलग ही नजारा देखने को मिला जहां एक कार्यक्रम पर साथ आए बीजेपी विधायक संदीप शर्मा और कांग्रेस सरकार में यूडीएच मंत्री शांति धारीवाल एक मंच पर साथ बैठे। यही नहीं, कार्यक्रम में बीजेपी विधायक संदीप शर्मा ने यूडीएच मंत्री की जमकर तारीफ भी की।
उन्हें कुबेर तक बता दिया और कहा कि सच्चे मन से धारीवाल से जो भी मांगा जाता है वह मिल जाता है। दरअसल कोटा के यूआईटी ऑडिटोरियम में रैगर महासभा की ओर से प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें यूडीएच मंत्री शांति धारीवाल मुख्य अतिथि के तौर पर मौजूद रहे। कार्यक्रम में कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा भी अतिथि के तौर पर शिरकत कर रहे थे। इसी दौरान संबोधन में विधायक संदीप शर्मा ने मंत्री शांति धारीवाल की तारीफ की। उन्होंने कहा कि समाज के युवा लोग जब उनके पास आए तो उन्होंने कहा कि आपने समाज के लिए बहुत काम किया है।
अब समाज को एक छात्रावास की जरूरत है। संदीप शर्मा ने कहा कि हम खजाना ढूंढ रहे हैं और कुबेर हमारे पास बैठे हैं। यह बात उन्होंने शांति धारीवाल के लिए कही। संदीप शर्मा ने आगे कहा कि वह यूडीएच मंत्री शांति धारीवाल को जानते हैं। धारीवाल ने कोटा का स्वरूप बदल दिया है। उनसे सच्चे दिल से कुछ भी मांगने जाओ तो वह कभी मना नहीं करते। अगर झूठे मन से मांगोगे तो कुछ नहीं मिलेगा लेकिन सच्चे दिल से मांगने पर धारीवाल कभी खाली नहीं लौटाते। इस बात पर ऑडिटोरियम में जमकर तालियां बजने लगी। एकबारगी तो शांति धारीवाल भी बात को नहीं समझ पाए तो उन्होंने पास ही बैठे कांग्रेस शहर जिलाध्यक्ष रविंद्र त्यागी से पूछा कि संदीप शर्मा क्या कह रहे हैं। त्यागी ने उन्हें बताया कि संदीप शर्मा ने कहा कि सच्चे दिल से मांगने पर धारीवाल कभी मना नहीं करते।
विकास कार्यों पर बीजेपी नेता उठा रहे सवाल, विधायक ने की तारीफ
कोटा शहर में चल रहे विकास कार्यों पर बीजेपी के नेता ही कई बार सवाल उठा चुके हैं। पूर्व विधायक प्रहलाद गुंजल मैं तो आरोप तक लगाया कि शहर में अनियोजित तरीके से चल रहे विकास कार्यों की वजह से रोज सड़क हादसे होते हैं। यही नहीं 29 अप्रैल को प्रहलाद गुंजल नगर निगम के बाहर बड़ा प्रदर्शन भी करने वाले हैं। वही उनकी पार्टी के विधायक यूडीएच मंत्री की तारीफ करते नजर आए। जिसके बाद कोटा के राजनीतिक हलकों में इस बात की चर्चा शुरू हो गई।


0 टिप्पणियाँ