भरतपुर ब्यूरो रिपोर्ट। 

डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पर शोभा यात्रा के दौरान जिले के सैह गांव में जाटव और गुर्जर समाज के बीच हुआ विवाद रविवार को समाप्त हो गया और इसका श्रेय जाता है राजस्थान पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन मंत्री विश्वेंद्र सिंह को जिन्होने सर्किट हाउस में करीब 3 घंटे तक दोनों समाज के लोगों को समझा कर भाईचारे को कायम रखने की नसीहत दी और राजीनामा करवा दिया। 

विश्वेन्द्र सिंह ने इसके साथ ही चेतावनी दी कि भविष्य में यदि किसी पक्ष की ओर से कोई विवाद या झगड़ा किया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।  विश्वेंद्र सिंह ने बताया कि 14 अप्रैल को हुए विवाद के बाद प्रशासन ने अपनी तरफ से माहौल को शांत करने का प्रयास किया लेकिन रविवार को गांव के गुर्जर और जाटव समाज के प्रबुद्ध लोगों को मंत्री विश्वेंद्र सिंह ने एक साथ बैठाकर आपसी झगड़े को शांत करने के लिए रजामंद कर दिया। अब दोनों पक्ष शांतिपूर्ण तरीके से और भाईचारे के साथ रहने को सहमत है।  दोनों पक्ष एक दुसरे के खिलाफ किए केस भी वापस लेने पर सहमत हो गए हैं।