झालावाड़ ब्यूरो रिपोर्ट।
झालावाड़ जिले में शराब की सभी दुकानों की नीलामी के लिए सरकार लगातार कोशिश कर रही है। आबकारी विभाग की 70 दुकानों के लिए नीलामी में बोली नहीं लगने से बिक नहीं पाई थी। ऐसे में अब आबकारी विभाग एक बार फिर 28 अप्रैल को दुकानों की नीलामी करेगा। इस बार सरकार ने राहत देते हुए न्यूनतम रिजर्व प्राइस में 10 प्रतिशत की कमी है। इससे पहले भी 10 से 30 प्रतिशत तक की गारंटी राशि कम की थी, लेकिन इसके बाद भी दुकानें नीलामी से वंचित रह गई।
शराब की दुकानों की बिक्री नहीं होने के बाद जयपुर में बैठक हुई, जिसमें 10 प्रतिशत की राहत दी है। जिले में अब तक कुल 160 दुकानों में से 2 फेज में केवल 90 दुकानों की ही नीलामी की जा सकी। अब एक बार फिर 28 अप्रैल को 70 दुकानों की नीलामी की जाएगी। अगर इन दुकानों की नीलामी नहीं हुई तो सरकार खुद इन दुकानों को चलाएगी और आरटीडीसी, जीएसएम और आरएसबीसीएल को आवंटित की जाएगी।
गौरतलब है कि कोरोना काल में हुए नुकसान के चलते इस बार ठेकेदारों में शराब दुकानों को लेकर रूचि नहीं है। इसके चलते ही दो बार की नीलामी में आबकारी विभाग की 160 दुकानों में से केवल 90 दुकानें ही नीलाम हो सकी है। जिला आबकारी अधिकारी रियाजुद्दीन उस्मानी ने बताया कि बाकी 70 दुकानों के लिए 28 अप्रैल को फिर से नीलामी लगाई जाएगी।


0 टिप्पणियाँ