उदयपुर - भगवान प्रजापत। प्रशासनिक विभागो में होने वाले कामकाजों में सुधार लाने के लिए विभागीय कर्मचारियों और अधिकारियों की जांच के लिए मंगलवार को जयपुर से प्रशासनिक सुधार विभाग की टीमें उदयपुर पहुंची। टीमों ने सुबह ठीक साढे नौ बजे शहर के अलग-अलग प्रमुख कार्यालयों में आकस्मिक निरीक्षण करते हुए जरूरी दस्तावेजों को अपने कब्जे में लिए। इसके अलावा अधिकांश कार्यालयो में टीमों के सदस्य उपस्थिति रजिस्ट्रार को अपने साथ ले गए। प्रशासनिक सुधार विभाग की टीमों के पहुंचने से कई जगहों पर हडकंप मच गया और देरी से पहुंचने वाले कर्मचारी और अधिकारी आनन-फानन में कार्यालय पहुंचे। हालांकि कई जगहों पर विभाग की टीमों ने दस्तावेज अपने कब्जे में ले लिए थे। जिला कलेक्ट्रेट, नगर निगम, यूआईटी, स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट ऑफिस सहित अन्य ऑफिसो में एक साथ पहुंचने से कई कर्मचारी परेशान होते दिखाई दिए। टीमों के कार्यालयो में पहुंचने की पुष्टि अतिरिक्त जिला कलेक्टर शहर अशोक कुमार ने की। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक सुधार विभाग की टीमों के कार्यालयों में आकस्मिक पहुंचने की जानकारी मिली है और वे कुछ दस्तावेज जांच के लिए अपने साथ ले गए है। 

सरकारी दफ्तरों में आकस्मिक निरीक्षण से मचा हडकंप
प्रशासनिक सुधार विभाग की टीमें जैसे ही मंगलवार की सुबह ठीक साढे नौ बजे विभिन्न कार्यालयों में पहुंची तो उपस्थित कर्मचारियों ने नदारद या देरी से आने वाले कर्मचारियों को इसके बारे में जानकारी दी तो हडकंप मच गया। कई कार्यालयों में कर्मचारियों के साथ-साथ अधिकारी भी नदारद मिले। कर्मचारियों की कुर्सिया खाली दिखाई दी तो दूसरी और अधिकारियों के चैम्बर में भी कोई नही थी। कुछ जगहों पर कमरों में लाइटे और पंखे भी चलते हुए मिले। प्रशासनिक विभाग की टीमों के आकस्मिक निरीक्षण के बाद सभी विभागों में यह चर्चा का विषय बन गया।