चूरू ब्यूरो रिपोर्ट।
चूरू जिले में रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है। जहा विवाहिता महिला ने रिपोर्ट में आरोप लगाया है कि उसके पति ने गांव के लोगों से 5 लाख रुपए उधार लिए थे। जब वह उसे नहीं चुका पाया, तो पति और ससुर ने पत्नी को कर्जदारों के हवाले कर दिया। दरअसल चूरू जिले के सदर थाना के अंतर्गत एक गांव की 24 वर्षीय विवाहिता ने अपने पति सहित ससुराल पक्ष के लोगों पर संगीन आरोप लगाते हुए बुधवार को महिला थाने में मामला दर्ज करवाया है। उसका आरोप है कि पति और ससुर ने उधार के रुपए चुकाने की एवज में उसे ही पराये लोगों को सौंप दिया। महिला थाना पुलिस ने पीड़िता की रिपोर्ट पर आईपीसी की संगीन धाराओं में मामला दर्ज किया है। महिला थानाधिकारी के मुताबिक पीड़िता ने रिपोर्ट दी कि फरवरी 2021 को उसकी शादी सीकर जिले के एक गांव में हुई थी। शादी के बाद से ही उसे दहेज की बात को लेकर प्रताड़ित किया जाता। उसका पति आदतन शराबी है। उसने गांव के लोगों से 5 लाख रुपए उधार ले रखे हैं। इस ऋण को चुकता करने के लिए पति और ससुर ने जिन लोगों से यह राशि ली है, उन्हें घर बुलाना शुरू कर दिया। उसे ससुराल पक्ष के लोग जानबूझकर ऋण देने वाले लोगों के पास अकेला छोड़ देते। महिला का आरोप है कि वे लोग विवाहिता से छेड़छाड़ करते। 27 फरवरी, 2022 को इन लोगों ने महिला की जबरन लज्जा भंग करने की कोशिश की। इस दौरान उसके साथ अश्लील हरकतें की गईं। अगले दिन जब उसने यह बात अपने पति तथा सास-ससुर से कही, तो पति ने उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया। विवाहिता का आरोप है कि जिन लोगों से पति ने पैसे उधार लिए थे, उनके साथ संबंध बनाने के लिए पति मजबूर करता और यातनाएं देता था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

0 टिप्पणियाँ