दौसा ब्यूरो रिपोर्ट।
दौसा जिले में महिला से गैंगरेप के बाद मर्डर करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना को लेकर पुलिस ने फौरन एक्शन लेते हुए चंद घंटों में ही खुलासा करते हुए दो दंरिदो को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा कर दिया। दौसा पुलिस अधीक्षक राजकुमार गुप्ता ने बताया कि जिले के रामगढ़ थाने में 24 तारीख को एक महिला की गुमशुदगी का मामला दर्ज हुआ था। जिसमें बताया गया था कि महिला जयपुर से रवाना होकर अपने पीहर रामगढ़ थाना क्षेत्र के गोपालपुर गांव में जा रही थी। लेकिन दूसरे दिन भी जब वह नहीं पहुंची तो परिजनों ने रामगढ़ थाने में महिला की गुमशुदगी का मामला दर्ज करवाया। इस मामले को लेकर जब पुलिस ने जांच की तो खुलासा हुआ कि दो भाइयों ने मिलकर महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम देकर उसे मौत के घाट उतार दिया व शव को बस्सी थाना क्षेत्र के जंगलों में ले जाकर उसका शव एक सूखे कुएं में डाल दिया। उन्होंने बताया कि पूरे मामले की जांच की गई। महिला के घर जाने वाले रास्ते में लगे सीसीटीवी कैमरे को खंगाला गया तो रामगढ़ थाना क्षेत्र के सिसोदिया गांव निवासी दो आरोपी कालूराम मीणा व उसके ताऊ के लड़के संजू मीणा ने महिला को अपनी गाड़ी में सोनड से लिफ्ट दी थी व दोनों भाइयों ने उसे आगे नदी में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। लोगों को पता लगने के डर से महिला के दुपट्टे से गला घोंटकर उसे मौत के घाट उतार दिया व शव को लेकर घंटों तक गाड़ी में घूमते रहे। 23 अप्रैल की शाम को ही दोनों आरोपियों ने महिला के शव बस्सी थाना क्षेत्र के नई नाथ के जंगलों में एक सूखे कुएं में ले जाकर डाल दिया। पुलिस ने जब लिफ्ट देने वाले कालूराम मीणा से सख्ती से पूछताछ की तो आरोपी कालूराम ने पुलिस के सामने पूरी वारदात को अंजाम देना कुबूल कर लिया। इस मामले में कालूराम का दूसरा भाई संजू मीणा मौके से फरार हो गया था, जिसे भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल दोनों आरोपी पुलिस की कस्टडी में हैं और पुलिस पुछताछ मे जुटी हुई है।