राजस्थान मोबाइल इन्वेस्टिगेशन यूनिट शुरू करने वाला देश का पहला राज्य बन गया है। सीएम गहलोत ने सोमवार को सीएमओ में इस मोबाइल यूनिट वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान में क्राइम कंट्रोल हुआ है, लेकिन विपक्षी दल जानबूझकर लोगों को गुमराह कर रहे हैं। गहलोत ने इस दौरान मीडिया की भूमिका पर भी सवाल खड़े किए। कार्यक्रम के दौरान मीडिया से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि हमारी सरकार का प्रयास है कि राजस्थान में क्राइम कंट्रोल हो. इसके लिए एफआईआर दर्ज करना कंपलसरी किया है। महिला अत्याचार के खिलाफ हर जिले में एडिशनल एसपी रैंक का ऑफिसर लगाया है।
सीएम ने कहा कि इस प्रकार के मामलों में त्वरित न्याय के लिए ऑफिसर केस डायरी स्कीम भी चलाई गई, जिसमें कार्रवाई की पूरी मॉनिटरिंग होती है। इसके साथ ही लीगल ऑफिसर भी लगाया गया, ताकि चालान पेश करते समय कहीं कोई कमी ना रह जाए। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि जो कार्रवाई हमने की उसी का परिणाम है कि केस भी आधे हो गए और जांच का समय भी आधा हो गया। हमने नवाचार किया है, लेकिन विपक्षी दल उसकी भी अनावश्यक आलोचना कर रहे हैं।
राजस्थान में क्राइम हुआ कम, किसी को बदनाम करने का हक नहीं।
सीएम गहलोत ने कहा कि साल 2019-20 और 21 में राजस्थान में क्राइम कम हुआ है। नेशनल क्राइम रिपोर्ट ब्यूरो की बुक को देखेंगे तो उसमें पता चल जाएगा। लेकिन हमारी विपक्षी पार्टी के लोग जानबूझकर लोगों को गुमराह कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा रेप तो पूरे देश में हर राज्य में हो रहा है। लेकिन हमने जो कार्रवाई त्वरित गति से की वह भी देखना चाहिए।

0 टिप्पणियाँ