उदयपुर-भगवान प्रजापत
भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस के मौके पर प्रतापगढ जिले के छोटी सादडी क्षेत्र के केसुंडा गांव में पार्टी का झंडा अपने घर पर लगाने पर असामाजिक तत्वों द्वारा विकास प्रजापति की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद प्रजापति समाज में भारी आक्रोश है। शुक्रवार को इसी कडी में वागड़ मेवाड़ प्रजापति समाज संस्थान उदयपुर संभाग के बैनर तले प्रजापति समाज के सैकड़ो युवाओं ने मुख्यमंत्री के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा और असामाजिक तत्वों के खिलाफ कडी कार्रवाई की मांग की। संस्थान के जीवन लाल प्रजापति ने बताया कि लोकतंत्र में सभी को अपनी इच्छा से पार्टी चुनने का हक है। विकास प्रजापति ने भारतीय जनता पार्टी का झंडा अपने घर पर लगाया तो असामाजिक तत्वों को यह नागवार गुजरा और उन्होंने विकास प्रजापति की हत्या कर दी। चित्तौडगढ में असामाजिक तत्वों का वर्चस्व होने से पुलिस ने उनके खिलाफ किसी प्रकार की कोई कार्रवाई नहीं की है। पुलिस अधिकारियांे के द्वारा असामाजिक तत्वों के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज कर कड़ी कार्रवाई करें। इसके अलावा युवाओं द्वारा मृतक के परिजनों में से किसी एक व्यक्ति को सरकारी नौकरी तथा परिवार वालों को 50 लाख रुपए सहायता राशि प्रदान करने की मांग की। इस मौके पर अधिवक्ता शंकरलाल प्रजापत, प्रभुलाल प्रजापत, नरेन्द्र प्रजापत, विष्णु प्रजापत सहित कई युवा मौजूद थे।

0 टिप्पणियाँ