दौसा ब्यूरो रिपोर्ट।
दौसा जिले के लालसोट कस्बे मे महिला चिकित्सक अर्चना शर्मा के आत्महत्या मामले में अब भाजपा सांसद डॉ. किरोड़ी लाल मीणा का बयान आया है। किरोड़ी लाल का कहना है कि डॉ अर्चना शर्मा के खिलाफ मामला दर्ज करने से पहले यदि राजस्थान पुलिस सुप्रीम कोर्ट के निर्देश की पालना करती तो आज यह घटना देखनी नहीं पड़ती। उन्होंने कहा कि गहलोत सरकार को तत्परता से दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करना चाहिए। सांसद किरोड़ी लाल मीणा ने इस मामले में ट्वीट कर और बयान जारी कर कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सरकार को तत्परता से दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करना चाहिए। मीणा ने कहा कि चिकित्सक होने के नाते मैं चिकित्सक के दायित्व से परिचित हूं। इस परिपेक्ष में लालसोट में डॉक्टर अर्चना शर्मा के साथ हुई दुर्घटना असहनीय और अस्वीकार्य है। मीणा ने कहा कि अंधी, बहरी अशोक गहलोत सरकार से अनुरोध है कि वो दोषियों पर कार्रवाई करे।
यह था पूरा मामला।
आपको बता दें कि दौसा के लालसोट में महिला चिकित्सक डॉ अर्चना शर्मा के उपचार के दौरान एक प्रसूता ने दम तोड़ दिया था। जिसके बाद प्रसूता के परिजनों ने इस मामले में दबाव बनाकर पुलिस में चिकित्सक के खिलाफ धारा 302 के तहत मामला दर्ज करवाया। इससे व्यथित होकर डॉ अर्चना शर्मा ने आत्महत्या कर ली थी।

0 टिप्पणियाँ