कोटा ब्यूरो रिपोर्ट।
कोटा के लाडपुरा के पूर्व विधायक और पूर्व संसदीय सचिव भवानी सिंह राजावत को गुरुवार को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। उन पर राजकार्य में बाधा और एससी एसटी एक्ट के तहत मुकदमा पुलिस ने दर्ज किया है। यह एफआईआर कोटा टेरिटोरियल डीएफओ रवि मीणा ने दर्ज करवाई है। जिसमें रवि मीणा ने भवानी सिंह राजावत पर चांटा मारना और गाली गलोच करने का आरोप भी लगाया है। इस पर पुलिस ने भवानी सिंह राजावत को वल्लभबाड़ी स्थित उसके घर से पहले पूछताछ के लिए थाने लेकर आई थी। इसके बाद हिरासत में ले लिया है। जानकारी के मुताबिक नवरात्र शुरू होने वाले हैं और दाढ़ देवी माताजी के जाने वाले रास्ते की स्थिति जर्जर है। ऐसे में उसके पैच वर्क के लिए राशि स्वीकृत हुई थी। यह पेच वर्क चल रहा था, लेकिन भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने आरोप लगाया था कि वन विभाग के अधिकारियों ने यह पेच वर्क को बंद करवा दिया। जिसके चलते हजारों की संख्या में वहां जाने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। भाजपा नेताओं ने गुरुवार को दाढ़ देवी जाने वाले रास्ते को जाम किया था। साथ ही तुरंत पैच वर्क शुरू करवाने की मांग की थी। इसी मांग को लेकर पूर्व विधायक भवानी सिंह राजावत उप वन संरक्षक टेरिटोरियल के ऑफिस में रवि मीणा से मिलने पहुंच गए। जहां पर उन्होंने रवि मीणा से मुलाकात की। उनके कार्यकर्ताओं ने आक्रोश जताते हुए डीएफओ रवि मीणा को खरी-खोटी सुनाई थी। रवि मीणा ने आरोप लगाया है कि इस दौरान पूर्व विधायक ने उनको चांटा मार दिया। नयापुरा थाना अधिकारी भूपेंद्र सिंह चारण ने बताया कि रवि मीणा ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। जिसके बाद पूर्व विधायक राजावत अन्य 15 से 20 के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। इस मामले में पूर्व विधायक भवानी सिंह राजावत को हिरासत में लिया है। साथ ही उनसे पूछताछ की जा रही है। राजावत को हिरासत में लेने के बाद उनके समर्थक थाने के बाहर एकत्रित हो गए। जिन्हें पुलिस ने खदेड़ दिया है।

0 टिप्पणियाँ