करौली ब्यूरो रिपोर्ट।
करौली मे दो अप्रैल को नव संवत्सर के अवसर पर निकाली जा रही बाइक रैली पर फुटाकोट चौराहे के हटवारा बाजार मे हुए पथराव,आगजनी, चाकूबाजी की घटना के बाद फैले उपद्रव मामले में फरार चल रहे कांग्रेसी समर्थक पार्षद मतलूब अहमद,जयपुर ग्रेटर निगम की मेयर के पति राजाराम गुर्जर सहित 4 आरोपियों के खिलाफ सीजेएम कोर्ट ने गिरफ्तारी वारंट जारी किए हैं। एसआईटी टीम प्रभारी एएसपी किशोर बुटोलिया ने बताया कि सीजेएम कोर्ट के न्यायाधीश ने दंगा मामले में फरार चल रहे 4 आरोपियों के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किए हैं। कोर्ट ने हटवाड़ा बाजार में पथराव वाले स्थान पर पार्षद मतलूब अहमद,
जिम के मालिक अंची खान, करौली नगर परिषद के पूर्व सभापति और ग्रेटर निगम की मेयर सौम्या गुर्जर के पति राजाराम गुर्जर और हिंदू सेना के प्रदेश अध्यक्ष साहब सिंह गुर्जर की गिरफ्तारी के वारंट जारी किए हैं।उन्होंने बताया कि पुलिस अलग-अलग टीम गठित कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जगह-जगह दबिश दे रही है। एएसपी किशोर बुटोलिया ने बताया कि घटना में अब तक 41 एफआईआर दर्ज हुई हैं। इनमें एक करौली पुलिस की ओर से तथा शेष अलग-अलग पीड़ितों की ओर से दर्ज कराई गई हैं। मामले में पुलिस ने वीडियो फुटेज, कॉल, लोकेशन आदि के आधार पर अब तक लगभग 144 आरोपियों को चिन्हित किया है। मामले में पुलिस द्वारा अब तक 29 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि दो नाबालिगों को भी निरुद्ध कर बाल संप्रेषण गृह भेजा गया है।

0 टिप्पणियाँ