हंसपाल यादव, कोटा

कोटा - हंसपाल यादव
टेंचिंग ग्राउंड हटाने सहित शहर की ज्वलंत जनसमस्याओं को लेकर आगामी 29 अप्रैल को नगर निगम कोटा पर जंगी प्रदर्शन किया जाएगा। इसकी तैयारियों को लेकर आज कुन्हाड़ी स्थित एक निजी रिसोर्ट में पूर्व विधायक प्रहलाद गुंजल ने कोटा उत्तर भाजपा कार्यकर्ताओं की विशाल बैठक ली।
बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक प्रहलाद गुंजल ने कहा की विधानसभा चुनाव के दौरान धारीवाल जी ने नदीपार क्षेत्र के लोगों से सरकार बनने के बाद छः महीने में टेंचिंग ग्राउंड को हटाने का वादा किया था जो तीन साल से भी अधिक समय बीत जाने के बाद भी पूरा नहीं हुआ है। हर साल गर्मी प्रारंभ होते ही कचरे में आग लग जाती है जिससे स्थानीय लोगों का सांस लेना भी मुश्किल हो जाता है। पूरा शहर सड़ रहा है। निगम से लेकर यू आई टी तक लूट मची है। अब तो खुद कांग्रेस के पार्षद ही नगर निगम में हो रही लूट की शिकायत कर रहे हैं ।
गुंजल ने कहा कि केंद्र सरकार से मिले स्मार्ट सिटी के पैसे को खुर्द बुर्द करने की होड़ में शहर को अनियोजित विकास में झोंक दिया जिसका खामियाजा शहरवासी आने वाले समय में भुगतेंगे। उन्होंने कहा कि मैंने तो ढाई साल पहले ही कह दिया था किस शहर में हो रहे अनियोजित विकास से शहर दुर्घटनाओं का शहर बन जाएगा परिणाम कल ही जेडीबी के पास दो कारों की भिड़ंत में एक मासूम ने अपनी जान गवां दी। ऐसी कई घटनाएं हमें आए दिन देखने को मिलेगी। पूरे शहर को यू टर्न का शहर बना कर रख दिया गया। पर मंत्री को जनता की मूलभूत समस्याओं से कोई सरोकार नहीं है उन्हें तो जल्दी से जल्दी स्मार्ट सिटी के पैसों को तंगे बंगे लगाकर अपना कमीशन पक्का करना है।
गुंजल ने कहा पूरा शहर देख रहा है । हमारे पत्रकार साथी भी समय-समय पर विकास के नाम पर हो रही लूट व भ्रष्टाचार को उजागर कर रहे हैं। हाल ही में चंबल रिवर फ्रंट पर बन रहे घंटे में भ्रष्टाचार का खेल उजागर हुआ तो वही घटिया निर्माण से रिवर फ्रंट पर छज्जा भरभरा कर गिर पड़ा, गोबरिया बावड़ी का अंडरपास उद्घाटन से पहले ही मरम्मत मांग रहा है। उन्होंने कहा मंत्री तो अपना हिस्सा लेकर चले जाएंगे पर इसका दंड आने वाले दिनों में शहर की जनता को मिलने वाला है। 
गुंजल ने बैठक में उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि हमने सरकार को साढ़े तीन साल का समय दिया कि सरकार जनता से किए वादे पूरे करेगी परंतु अब सरकार की वादाखिलाफी व आमजन की समस्याओं की लड़ाई लड़ने के लिए भाजपा हमेशा आगे रहती है।