सवाई माधोपुर-हेमेंद्र शर्मा।
सवाई माधोपुर जिला मुख्यालय पर 26 अप्रैल मंगलवार को प्रधान पोस्ट ऑफिस के कैशियर के साथ हुई 20 लाख रुपये की लूट के मामले में आरोपियों की गिरफ़्तारी की मांग को लेकर गुरूवार को डाक कार्मिकों ने कलेक्ट्रेट के समक्ष प्रदर्शन कर जिला कलेक्टर व पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा। डाक कर्मचारियों ने ज्ञापन के मध्यम से बताया कि 26 अप्रैल मंगलवार को सुबह प्रधान पोस्ट ऑफिस का कैशियर ब्रजबहादुर शर्मा पोस्ट ऑफिस के 20 लाख रुपये लेकर बैंक में जमा करवाने जा रहा था। इसी दौरान यूपीएचसी बजरिया परिसर में बाईक सवार तीन बदमाश कैशियर के साथ मारपीट कर 20 लाख रुपये लूट कर फरार हो गये। जिसकी रिपोर्ट मानटाउन थाने में दर्ज कराई गई है।लेकिन अभी तक पुलिस द्वारा आरोपियों को गिरफ्तार नही किया गया। डाक कर्मचारियों ने ज्ञापन के माध्यम से बताया कि पीड़ित कैशियर अल्प वेतन भोगी है। अगर पुलिस द्वारा आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर लूट की राशि बरामद नही की गई तो डाक विभाग द्वारा पीड़ित कैशियर से 20 लाख की वसूली की जायेगी। ऐसे में पीड़ित कर्मचारी मानसिक रूप से परेशान है। डाक कर्मचारियों ने कलेक्टर व पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर लूट के आरोपियों को गिरफ्तार कर लूट की राशि बरामद करने की मांग की है।

0 टिप्पणियाँ