सीकर ब्यूरो रिपोर्ट।
राजस्थान पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि आठ साल में केंद्र सरकार ने एक भी वादा पूरा नहीं किया है। उन्होंने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी सरकारी एजेंसियों का दुरुपयोग कर केवल सत्ता पर काबिज रहने और सत्ता हथियाने का काम कर रहे हैं। उनका कहना था कि 15 महीने तक किसानों को खून के आंसू रुलाने के बाद भी उन पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। सीकर में अभिभाषक संघ के सम्मान समारोह में डोटासरा ने मीडिया से मुताबिक होते हुए कहा कि महंगाई इस कदर बढ़ चुकी है कि लोगों को आवश्यक वस्तुएं उपलब्ध हो पाना ही मुश्किल हो चुकी है।पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दामों और महंगाई पर डोटासरा ने कहा कि केंद्र सरकार से इससे ज्यादा और कोई उम्मीद भी नहीं की जा सकती है। केंद्र सरकार केवल दो काम कर रही है। जिनमें एक तो देश के प्रधानमंत्री मोदी चुनाव लड़ने के लिए अपना पूरा समय, श्रम, शक्ति और सत्ता का दुरुपयोग करते हैं। साथ ही पेट्रोल-डीजल, सीमेंट लोहा समेत सभी के दाम बढ़ा रहे हैं। डोटासरा ने कहा कि यह सभी प्रोडक्ट आज इतने महंगे हो चुके हैं कि लोगों का इन्हे खरीदना मुश्किल हो चुका है। डोटासरा ने कहा कि देश में बढ़ रही महंगाई के विरोध में कांग्रेस पार्टी लगातार आंदोलन चला रही है। 31 मार्च को पार्टी ने सभी जिला मुख्यालयों पर विरोध प्रदर्शन किया। अब अलग-अलग जिलों में महंगाई मुक्त भारत अभियान के तहत विरोध प्रदर्शन किए जाएंगे। इसके साथ ही 7 अप्रैल को राजधानी जयपुर में अभियान के तहत कार्यक्रम करेंगे। जिससे केंद्र सरकार को सद्बुद्धि आए। क्योंकि भाजपा ने सत्ता में आने से पहले जो वादे किए थे, 8 साल में वह एक भी वादा पूरा नहीं हुआ है।प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डोटासरा ने कहा कि केंद्र सरकार ने जिस तरह से किसानों के साथ अत्याचार किया। किसानों की आमदनी दुगनी करने के झूठे वादे किए। वह आमदनी अब आधी हो चुकी है। 15 महीने तक किसानों को खून के आंसू रुलाए। इसके बाद अब भी किसानों पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डोटासरा ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हमेशा चुनावी मोड में ही रहते हैं। सीबीआई, इनकम टैक्स, ईडी का दुरुपयोग कर सत्ता हथियाने के लिए प्रयास करते रहते हैं। ऐसे में देश का न तो विकास हो पा रहा है। और न ही देश को केंद्र सरकार से कोई लाभ नहीं है। गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि सीकर के वकीलों की पिछले काफी लंबे समय से मांग थी कि सीकर ग्रामीण को अलग तहसील बनाया जाए। धोद तहसील को धोद गांव में शिफ्ट करने के बाद वकीलों का विरोध और बढ़ गया। ऐसे में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बजट में सीकर ग्रामीण नई तहसील बनाने, नए कोर्ट शुरू करने की घोषणा की। जिसके बाद सीकर में अभिभाषक संघ ने विजयोत्सव सम्मान समारोह आयोजित किया। जिसमें कई प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे। डोटासरा ने कहा कि मैं खुद भी वकील परिवार का सदस्य हूं। ऐसे में कार्यक्रम में मुझे भी बुलाया गया।