जालोर ब्यूरो रिपोर्ट।
राजस्थान जन अभियोग निराकरण समिति के अध्यक्ष पुखराज पाराशर ने कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा महिला सशक्तिकरण व शिक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में किये गये प्रयास प्रशंसनीय है जिससे विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ा हैं जिसके तहत राज्य भर में स्कूटी वितरण को बढ़ाकर 20 हजार कर लिया गया हैं। पाराशर राजकीय माध्यमिक विद्यालय राजेन्द्र नगर जालोर में इन्दिरा प्रियदर्शनी पुरस्कार, काली बाई भील मेधावी स्कूटी योजना एवं दिव्यांगजनों के लिए स्कूटी वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। 
उन्होंने समारोह के दौरान भामाशाह सेवानिवृत अति. जिला शिक्षा अधिकारी मुकेश सोलंकी, हस्तु देवी पत्नी हबताराम गहलोत एवं लाखाराम सुन्देशा से प्रेरणा लेकर सभी से शिक्षा एवं चिकित्सा जैसे पुण्य कार्यों में जन सहयोग के लिए आगे आने की बात कही। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को महात्मा गांधी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व से प्रेरणा लेकर अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ना चाहिए। समारोह के विशिष्ठ अतिथि राज्य विशेष योग्यजन आयुक्त उमा शंकर शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार संवेदनशीलता के साथ दिव्यांगों को विभिन्न योजनाओं का लाभ देने के लिए कृत संकल्प है।इसलिए राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप पात्र दिव्यांगजन ऑनलाइन आवेदन कर योजनाओं का लाभ प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि इस वर्ष बजट घोषणा में दिव्यांगजनों के लिए राज्य सरकार द्वारा दिव्यांगजनों का विशेष ध्यान रखा गया हैं। समारोह को पूर्व विधायक रामलाल मेघवाल व पूर्व जिला प्रमुख मंजू मेघवाल ने आमजन से राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने का आह्वान किया। अतिथियों ने उदय संस्थान जालोर द्वारा किये जा रहे गांधी साहित्य वितरण के तहत महात्मा गांधी की आत्मा कक्षा ‘‘सत्य के साथ मेरे प्रयोग’’ का स्थानीय विद्यालय के बालक-बालिकाओं एवं स्कूटी वितरण के लाभार्थियों को वितरण कर महात्मा गांधी के दर्शन एवं साहित्य को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की। समारोह के दौरान मुख्य कार्यकारी अधिकारी संजय कुमार वासु एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. अनुकृति उज्जैनिया ने स्कूटी वितरण योजना के संबंध में जानकारी दी।समारोह में अतिथियों द्वारा विद्यालय में 10 लाख की लागत से हॉल, मंच व सरस्वती मंदिर के निर्माण के भामाशाह मुकेश सोलंकी, 3 लाख की लागत से वाटर कूलर व प्याऊ निर्माण के भामाशाह हस्तु देवी पत्नी हबताराम गहलोत तथा प्याऊ निर्माण के भामाशाह लाखाराम सुन्देशा को माल्यार्पण व साफा पहनाकर भामाशाह सम्मान के रूप में प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी के.आर.बामणिया ने बताया कि जिला स्तरीय समारोह में इन्दिरा प्रियदर्शनी पुरस्कार योजना सत्र 2019-20 एवं 2020-21 के तहत 39 बालिकाओं को तथा काली बाई भील स्कूटी योजनान्तर्गत 2 बालिकाओं सहित 32 दिव्यांगजनों को दिव्यांग स्कूटी योजना के तहत स्कूटी वितरित कर लाभांवित किया गया।समारोह का संचालन अम्बिका प्रसाद तिवारी ने किया। अंत में प्रधानाध्यापक वचनाराम राठौड ने सभी का आभार ज्ञापित किया। इस अवसर पर जुल्फीकार अली भुट्टो, उपखण्ड अधिकारी चम्पालाल जीनगर, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी टीमाराम मीणा, जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक चुन्नीलाल परिहार, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक सुभाष मणि सहित अधिकारी-कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।