जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
यूक्रेन में फंसे अपने लोगों की फिक्र पूरी दुनिया कर रही है। कई भारतवासी भी विपरीत हालातों में वहां पर दिन काट रहे हैं। इस बीच यूक्रेन में रूस के हमले के बाद बने विपरीत हालातों के बीच भारत वापस आ रहे स्टूडेंट्स को हिम्मत देने के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने विद्यार्थियों से वीडियो कॉल के जरिए बात की।
दरअसल सीएम गहलोत ने मंगलवार को यूक्रेन के माइकोलेव शहर में पढ़ाई कर रहीं जयपुर की छात्रा पायल मूलानी और लवीना रावल से वीडियो कॉल पर बात की। उन्होंने बताया वे अभी बस से माल्डोवा बॉर्डर जा रहे हैं जहां से दिल्ली के लिए फ्लाइट लेंगे। इन सभी को सकुशल भारत आने के लिए सीएम गहलोत ने शुभकामनाएं दी।
सीएम गहलोत ने पायल मुलानी से बात करते हुए कहा कि कल आपके पापा मुझसे मिलने आए थे। उन्होंने आपको और वहां पर फंसे हुए बाकी तमाम बच्चों को लेकर चिंता जाहिर की। हमने उन्हें आश्वस्त किया है कि भारत सरकार और राज्य सरकार मिलकर सभी बच्चों को सकुशल वापस लेकर आएंगे। सीएम गहलोत ने पायल से पूछा कि वह भी कहां पर है तो पायल ने बताया कि वह माल्डोवा बॉर्डर जा रहे हैं। उसके बाद वहां से दिल्ली के लिए फ्लाइट लेंगे। सीएम गहलोत ने कहा कि आप लोग दिल्ली आइए, वहां पर टीम लगाई हुई है जो आपको रिसीव करेगी और कुशल आपके घर तक पहुंचाएगी। इस दौरान गहलोत ने पायल के साथ लवीना रावल से भी बात की। लवीना ने बताया कि जयपुर की रहने वाली है और इस समय उनके साथ में 5 से 6 बसों में भारत के करीब 300 से बच्चें हैं, सभी माल्डोवा बॉर्डर पहुंच रहे हैं। मुख्यमंत्री गहलोत ने आश्वस्त किया कि घबराए नहीं और आगे की गतिविधि को लेकर अपडेट करें। सरकार पूरी तरीके से हर संभव मदद के लिए उनके साथ खड़ी है।

0 टिप्पणियाँ