जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
नई दिल्ली के बीकानेर हाउस में चल रहे राजस्थान उत्सव के दौरान आज यानी कि रविवार को विंटेज कार रैली का आयोजन किया जाएगा। विंटेज कार रैली का आयोजन राजस्थान सरकार, राजस्थान फाउंडेशन और ​हैरिटेज मोटरिंग क्लब ऑफ इंडिया द्वारा किया जा रहा है। प्रमुख आवासीय आयुक्त श्रीमती शुभ्रा सिंह ने बताया कि विंटेज कार रैली में तत्कालीन बीकानेर महाराजा की कार सहित अन्य राजशाही घरानों में सफारी के लिए उपयोग होने वाली हेरिटेज कारों का काफिला शामिल होगा। इस विंटेज कार रैली में सबसे आगे बीकानेर महाराजा की कार होगी।
 इस हेरिटेज ड्राइव कार रैली में विशेष रूप से रोडस्टर, स्मॉल हैरीटेज कार, बॉलीवुड स्टार्स की कार, जीप तथा तत्कालीन राजा महाराजाओं द्वारा स्पोर्ट्स के लिए काम में आने वाली करीब 25 विंटेज कारें शामिल होंगी। राजस्थान फाउंडेशन के आयुक्त  धीरज श्रीवास्तव ने बताया कि इस विंटेज कार रैली को रविवार सुबह 10:30 बजे बीकानेर हाउस से मॉरीशस की हाई कमिश्नर हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। बीकानेर हाउस से निकलकर यह रैली अकबर रोड होते हुए मोतीलाल मार्ग से रेल भवन पहुंचेगी जहां से चेम्सफोर्ड क्लब होते हुए ली मेरिडियन होटल अशोका रोड से इंडिया गेट होते हुए पंडारा रोड से पुनः बीकानेर हाउस पहुंचेगी जहां पर इन विंटेज कारों को दर्शकों के लिए डिस्प्ले किया जाएगा।

सांस्कृतिक संध्या का होगा आयोजन।
राजस्थान उत्सव में रविवार को बीकानेर हाउस में विंटेज कार रैली के बाद लाइव कठपुतली शो का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही राजस्थान रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किये जाएंगे।सास्कृतिक संध्या में कैबिनेट मंत्री बी. डी. कल्ला शिरकत करेंगे। बीकानेर हाउस में 24 मार्च से 31 मार्च तक चल रहे राजस्थान उत्सव के दौरान लोग राजस्थानी हैंडीक्राफ्ट, राजस्थानी खानपान सहित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद ले सकते हैं।