झालावाड़-हरिमोहन चोडॉवत।
महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर झालावाड़ जिले के सभी शिवालयों में भोले के जयकारे गूंज रहे हैं। तो वहीं झालरापाटन शहर में भी मंगलवार को माहौल उस समय भक्ति के रंग में डूब गया। जब पालकी में सवार होकर भगवान शिव की बारात शहर के भ्रमण को निकली। श्रद्धालु भी झूमने को मजबूर हो गए। 
झालावाड़ जिले के झालरापाटन शहर में महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर आज शिव बारात का आयोजन किया गया। गोमतेश्वर महादेव मंदिर सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित शिव बारात में विभिन्न झांकियां, अखाड़े, भूतों की वेशभूषा में शामिल हुए बाराती व डीजे के भजनों की धुनों पर झूमते युवा श्रद्धालु प्रमुख आकर्षण रहे।
झालरापाटन के दादाबाड़ी परिसर से शुरू हुई शिव बारात शहर के प्रमुख मार्गो से होती हुई गोमतेश्वर महादेव मंदिर पर पहुंची। जहां महाआरती व प्रसादी का वितरण किया गया। इधर शहर के भ्रमण के दौरान नागरिकों द्वारा शिव बारात पर जमकर पुष्प वर्षा की गयी और भोलेनाथ के जयकारों से शहर की सड़के गूंज उठी।शिव बारात व शोभायात्रा के दौरान झालावाड़ डीएसपी नीरज कुमार शर्मा झालरापाटन थाना अधिकारी जितेंद्र शेखावत सहित भारी पुलिस जाब्ता भी साथ मौजूद रहा।