उदयपुर-भगवान प्रजापत।
केन्द्र सरकार की नितियों के विरोध में सोमवार को कई कर्मचारी संगठनों ने विरोध प्रदर्शन किया। शहर के बैंक तिराहे पर राजस्थान बैंक एम्लाईज यूनियन के बैनर तले बैककर्मियों ने प्रदर्शन किया तो जिला कलेक्ट्री के बाहर इंटक के कार्यकर्ताओं ने केन्द्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। 
दो दिवसीय इस हडताल में रोडवेज, ट्रांसपोर्ट, इलेक्ट्रिसिटी, टेलीकॉम, पोस्टल, इनकम टैक्स और इंश्योरेंस समेत अन्य सेक्टर के कर्मचारी शामिल है। दो दिवसीय हड़ताल होने से कई सेक्टर पर असर पडेगा। उदयपुर में बैंककर्मियों के हडताल करने से दो दिनों में 400 करोड रूपए के लेन-देन पर असर पडेगा। राजस्थान बैंक एम्लाईज यूनियन के पदाधिकारियों ने केन्द्र सरकार पर आरोप लगाया कि सरकार ने जो वादे किए उनको पूरा नही करने से कर्मचारियो को भारी नुकसान हो रहा है।
 इसके अलावा सरकार बैंको का लगातार निजीकरण कर रही है जो कि गलत है। इधर जिला कलेक्ट्री पर प्रदर्शन करने आए इंटक के प्रदेशाध्यक्ष जगदीश राज श्रीमाली ने केन्द्र की भाजपा सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार की नितिया पूरी तरह से श्रमिक विरोधी है। आजादी के बाद मजदूरों के लिए बने कानूनों में जिस तरह से बदलाव किया गया उससे मजूदरों के हितों पर कुठाराघात हुआ है। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार पूंजीपतियों को फायदा पहुंचाने के लिए इस तरह के कदम उठा रही है। श्रीमाली ने केन्द्र सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यह देश गरीबों और मजदूरों का है लेकिन सरकार उन्हे ही मिटाने की कोशिश कर रही है। श्रीमाली ने कहा कि सरकार अडाणी और अम्बानी के लिए काम कर रही है और देश की 100 करोड जनसंख्या के साथ धोखा किया जा रहा है।