झालावाड़-हरिमोहन चोडॉवत।
झालावाड़ जिले के झालरापाटन कस्बे में स्थित जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान के छात्रावास में कुछ दिन पूर्व एक छात्र की रात के समय संदिग्ध मौत होने के मामले में बुधवार को मेघवाल समाज विकास समिति व भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने मिनी सचिवालय स्थित जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय पर नारेबाजी कर प्रदर्शन किया और बाद में अतिरिक्त जिला कलेक्टर को ज्ञापन देकर सारे मामले की निष्पक्ष जांच करवाने की मांग की। मेघवाल समाज के पदाधिकारियों ने बताया कि कुछ दिन पूर्व अकलेरा क्षेत्र के 1 गांव का छात्र रवि कुमार डाइट झालरापाटन के छात्रावास के कमरे में संदिग्ध अवस्था में मृत मिला था।
मृतक छात्र को पहले से कोई बीमारी नहीं थी और वो अपने मां-बाप के लिए बुढ़ापे की लाठी बना हुआ था। देर रात तक उसके कमरे में उसका एक साथी भी मौजूद था और सुबह छात्र की मौत की खबर सामने आई। लेकिन सारे मामले में शिक्षा विभाग के कोई भी उच्च अधिकारी ना तो मौके पर पहुंचे और ना ही कोई जांच करवाई। ऐसे में समाज को छात्र की हत्या किए जाने का संदेह है। इसी मामले में आज मेघवाल समाज के पदाधिकारियों ने जिला कलेक्ट्रेट पहुंचकर अतिरिक्त जिला कलेक्टर राधेश्याम डेलू को सारे मामले की निष्पक्ष जांच और पूरे प्रकरण का खुलासा किए जाने की मांग की है।

0 टिप्पणियाँ