जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
राज्य विशेष शाखा जयपुर, सीआईडी जोन जैसलमेर, बाड़मेर और जोधपुर ने एक संयुक्त ऑपरेशन चलाकर पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी व पाक इंटेलिजेंस ऑपरेटिव्स के संपर्क में आए 36 से अधिक संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया है। डीजी इंटेलिजेंस उमेश मिश्रा के निर्देश पर ऑपरेशन सरहद चलाकर इस पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया गया है। पुलिस की ओर से 3 चरणों में इस पूरे ऑपरेशन को चलाया गया। ऑपरेशन के पहले चरण के अंतर्गत जैसलमेर, बाड़मेर और जोधपुर के छावनी व उसके आसपास के क्षेत्र में रहने वाले ऐसे लोगों की पहचान की गई जो पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी के संपर्क में हैं या आ सकते हैं। ऑपरेशन के दूसरे चरण में ऐसे संदिग्ध लोगों पर टेक्निकल व अन्य माध्यमों से लगातार निगरानी रखी गई और ठोस जानकारी जुटाई गई। ऑपरेशन के तीसरे चरण में 36 से अधिक संदिग्ध लोगों को जोधपुर, जैसलमेर और बाड़मेर के इंटेरोगेशन सेंटर में बुलाकर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान तमाम संदिग्ध लोगों के पाकिस्तान इंटेलिजेंस ऑपरेटिव्स के संपर्क में होने की पुख्ता जानकारी मिली है। इसके साथ ही कुछ संदिग्ध लोगों के मोबाइल व अन्य इलेक्ट्रॉनिक गैजेट को सीज कर जांच के लिए एफएसएल जयपुर भिजवाया गया है। संदिग्ध लोगों से हुई पूछताछ में प्राप्त तथ्यों और तकनीकी विश्लेषण रिपोर्ट के आधार पर विधिक राय प्राप्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।