जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
राजस्थान विप्र कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष महेश शर्मा ने राजस्थान के राजस्व मंत्री रामलाल जाट तथा राजस्व बोर्ड के चेयरमैन को पत्र भेजकर पटवार भर्ती-2020 के अभ्यर्थियों को आवेदन के समय EWS प्रमाण पत्र में छूट देते हुए वर्तमान प्रमाण पत्र को मानते हुए उनको चयन सूची में शामिल करवाने की मांग की है। शर्मा ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि पटवार भर्ती के लिए जनवरी, 2020 तथा संशोधित विज्ञापन जुलाई, 2021 में आवेदन आमंत्रित किये गये थे।
तत्कालीन विज्ञापन में योग्यता तथा आरक्षण संबंधित योग्यताओं के अनुसार हजारों EWS वर्ग के अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था तथा विज्ञापन की शर्तों में इस बात का हीं भी स्पष्ट उल्लेख नहीं था कि आवेदन करते समय आवेदन की अन्तिम तिथि तक आपके पास ई.डब्ल्यू.एस. वर्ग का प्रमाण पत्र होना चाहिए। उन्होंने बताया कि राजस्थान राजस्व मण्डल द्वारा पटवार भर्ती के अभ्यर्थियों के दस्तावेज सत्यापन हेतु दो गुना अभ्यर्थियों को राजस्व मण्डल कार्यालय अजमेर बुलाया जा रहा है। यह कार्य 21 फरवरी से 31 मार्च, 2022 तक चलेगा। राजस्व मण्डल कार्यालय द्वारा कार्मिक विभाग द्वारा 20 जनवरी, 2022 को परिपत्र का हवाला देकर उस नियम को लागू करवाया जा रहा है। जिसमें इस नियम का उल्लेख है कि आवेदन करते समय उनके पास में EWS प्रमाण पत्र होना अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि कोई भी नियम उस दिनांक से ही प्रभावी माना जाएगा, जिस दिनांक को उसका प्रकाशन राजपत्र अथवा कार्मिक विभाग के द्वारा किया जायेगा उससे पूर्व की प्रक्रियाधीन भर्तियों पर यह नियम लागू नहीं होंगे।

0 टिप्पणियाँ