जैसलमेर ब्यूरो रिपोर्ट।
जैसलमेर में पाकिस्तान से आए एक कबूतर को सीमा सुरक्षा बल ने पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया है। सीमा पार से उड़कर आए इस कबूतर के पैरों में टैग लगा है। सीमा सुरक्षा बल के जवानों ने दोनों पैरों में नाम और नंबर लिखे टैग देखकर कबूतर को  पुलिस को सौंपा है। अब पुलिस कबूतर और उसके पंजों में लगे टैग के आधार पर उसकी जांच-पड़ताल कर रही है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार बॉर्डर से लगते भारेवाला इलाके में स्थित BSF की कस्तुरी तलाई चौकी के पास सीमा पार पाकिस्तान से एक कबूतर आया। सीमा पार से उड़कर आए कबूतर को बीएसएफ के जवानों ने तत्काल पकड़ लिया। कबूतर की जांच करने पर कबूतर के पैरों पर टैग लगे हुए देखे। कबूतर के दाएं पंजे पर लगे टैग पर अंग्रेजी में ZEESHAN 794 लिखा है और नीचे 03009007757 नंबर लिखा हुआ है। कबूतर के दूसरे पंजे पर 6971 नंबर लिखे हैं। BSF ने कबूतर को नाचना थाना पुलिस को सुपुर्द कर दिया। अब पुलिस इन टैग और उसपर लिखे नाम नंबरों कि जांच में लग गई है। फिलहाल पुलिस ने वन विभाग को कबूतर को सौंप दिया है। ताकि वे उसकी उचित देखभाल कर सके। वही पुलिस मामले की जांच कर रही हैं।