भरतपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
भरतपुर जिले में एक 5 साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है।दरअसल चिकसाना थाना क्षेत्र के एक गांव में खेत में शौच करने गई मासूम के साथ पड़ोसी ने दुष्कर्म किया। पीड़िता को तलाशते हुए उसकी मां खेत में पहुंची तो आरोपी भाग निकला। इस पर पीड़िता के पिता ने थाने में दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया, जिस पर गुरुवार को पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। लेकिन ग्रामीणों के दबाव में पीड़िता और परिवार गांव से पलायन कर गए हैं। चिकसाना थाने में दर्ज रिपोर्ट में बताया है कि 22 फरवरी को दोपहर करीब 3 बजे 5 साल की नाबालिग बेटी खेत में शौच करने गई थी। काफी देर बाद भी जब वो नहीं लौटी तो उसकी मां उसे तलाशने के लिए खेत पहुंची। आरोपी ने पीड़िता की मां को देखा तो मौके से भाग छूटा। लौटकर महिला ने परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। जिस पर पीड़िता के पिता ने चिकसाना थाना में आरोपी के खिलाफ नामजद मामला दर्ज कराया। पुलिस ने शिकायत पर पीड़िता का मेडिकल करा दिया। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने गुरुवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। वहीं पीड़िता के परिजनों ने बताया कि इस पूरे मामले में गांव के लोग राजीनामा करने का दबाव बना रहे हैं। जिसके चलते उन्हें मजबूरी में गांव से पलायन करना पड़ा है।